कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 20 अप्रैल। कोण्डागांव पुलिस ने ऑपरेशन ‘मुस्कान’ और ‘तलाश’ के तहत कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो अपहृत नाबालिकों को बरामद किया है। साथ ही तीन महिलाओं को भी दस्तयाब किया गया। दो दिनों के भीतर कुल पांच गुमशुदा व्यक्तियों को खोजकर परिजनों को सौंपा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल को एक प्रार्थी ने थाना कोण्डागांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 13-13 वर्ष की नाबालिक पुत्री और भांजी को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया है। इस पर थाना कोण्डागांव में धारा 137(2) बीएनएसएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस रूपेश कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जांच के दौरान दोनों नाबालिकों के ग्राम कोचईबेड़ा थाना बड़े डोंगर क्षेत्र में होने की जानकारी मिली, जहां से पुलिस टीम ने उन्हें बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया।
इसी क्रम में अन्य गुमशुदा व्यक्तियों में 6 अप्रैल से लापता युवती को 18 अप्रैल को, 12 अप्रैल से लापता युवती को 17 अप्रैल को नगरनार से तथा 5 मार्च से लापता बुजुर्ग महिला को 19 अप्रैल को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया।


