कोण्डागांव

गांजा तस्करी, राजस्थान के 2 आरोपी गिरफ्तार
21-Apr-2026 11:30 PM
 गांजा तस्करी, राजस्थान के 2 आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 21 अप्रैल। कोंडागांव जिले के केशकाल थाना क्षेत्र में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 115.214 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 11,52,140 रुपये है। साथ ही एक कार क्रमांक आरजे 14 यूएफ 2337 भी जब्त किया गया। जब्त वाहन की कीमत लगभग 18 लाख रुपये बताई गई है। कुल जब्ती का मूल्य 29,52,140 रुपये है।

पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी केशकाल अरुण कुमार नेताम के मार्गदर्शन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था।

20 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली कि एक ग्रे रंग की कार में कुछ लोग ओडिशा से रायपुर की ओर गांजा ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर केशकाल थाना के सामने चेकिंग पॉइंट लगाया गया। वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन नहीं रुका। इसके बाद पेट्रोलिंग वाहन और बैरिकेडिंग के माध्यम से कार को रोका गया।

वाहन में सवार दो व्यक्तियों ने अपना नाम सूरज सिंह राठौड़ (निवासी भीलवाड़ा, राजस्थान) और पंकज पुरी गोस्वामी (निवासी भीलवाड़ा, राजस्थान) बताया। तलाशी के दौरान वाहन की डिक्की से 53 पैकेट गांजा बरामद किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट