कारोबार

आईडीटीआर सीजी के सहयोग से एचएनएलयू में सडक़ सुरक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व पर जागरूकता सत्र
10-Feb-2026 2:59 PM
आईडीटीआर सीजी के सहयोग से एचएनएलयू में सडक़ सुरक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व पर जागरूकता सत्र

रायपुर, 10 फरवरी। हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एचएनएलयू), नया रायपुर ने बताया कि इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग एंड ट्रैफिक रिसर्च, छत्तीसगढ़ (आईडीटीआर-सीजी) के सहयोग से सडक़ सुरक्षा जागरूकता सत्र का आयोजन किया। यह कार्यक्रम भारत सरकार के सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह  के राष्ट्रव्यापी अभियान का हिस्सा था।

एचएनएलयू ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन एचएनएलयू की लीगल एड एंड सोशल सर्विसेज कमेटी तथा प्रो बोनो क्लब के तत्वावधान में किया गया जागरूकता सत्र का संचालन आईडीटीआर छत्तीसगढ़ के प्रशिक्षकों श्री संजय मनहरे एवं श्री तोमेश कुमार साहू द्वारा किया गया।

एचएनएलयू ने बताया कि संवादात्मक चर्चा, आँकड़ा-आधारित व्याख्याओं तथा ऑडियो-विज़ुअल प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रशिक्षकों ने सडक़ दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों—जैसे तेज़ गति से वाहन चलाना, नशे में वाहन चलाना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग, रेड लाइट का उल्लंघन, तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग न करना—पर विस्तार से प्रकाश डाला।

डॉ. कौमुदी चल्ला, फैकल्टी को-ऑर्डिनेटर, लीगल एड एंड सोशल सर्विसेज कमेटी ने बताया कि सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरूकता सामाजिक उत्तरदायित्व का एक महत्वपूर्ण पहलू है और सुरक्षित ड्राइविंग के लिए जागरूकता, धैर्य तथा यातायात नियमों का सम्मान आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्मरण कराया कि भावी विधि-व्यवसायी होने के नाते उनका दायित्व है कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें।

एचएनएलयू ने बताया कि प्रश्नोत्तर सत्र में एलएसएससी के फैकल्टी सदस्य—डॉ. (श्रीमती) एरिट्रिया रॉय एवं श्रीमती अपूर्वा शर्मा, तथा छात्र संयोजक—सुश्री प्रगति ध्रुव (लीगल एड एंड सोशल सर्विसेज कमेटी) और श्री अक्षीत द्विवेदी (प्रो बोनो एसोसिएट, प्रो बोनो क्लब) ने सहयोग प्रदान किया। प्रशिक्षकों ने विभिन्न प्रकार की सडक़ों और प्रत्येक के लिए निर्धारित गति सीमा के पालन की आवश्यकता को स्पष्ट किया।


अन्य पोस्ट