बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 1 अप्रैल। सकरी के समीप ग्राम सैदा में 28 साल के युवक ने तालाब में कूदकर अपनी जान दे दी थी। सुसाइड नोट में उसने एक महिला सहित 3 लोगों पर सूदखोरी की बात लिखी थी। जांच के बाद तीनों के खिलाफ पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है।
मृतक जितेंद्र दुबे जमीन खरीदी बिक्री का काम करता था। 5 मार्च को वह सुबह 11 बजे घर से निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव वालों को उसकी लाश तालाब में तैरते मिली। तालाब के किनारे ही उसकी स्कूटी और कपड़े मिले। कपड़ों में लिपटा हुआ एक कागज मिला। इसमें उसने बताया था कि व्यवसाय के चलते उसका आकाश उपाध्याय, अनुराग तिवारी और शीला दुबे से पैसे का लेन-देन होता था। तीनों ब्याज की रकम जोडक़र उसकी देनदारी को बढ़ाते जा रहे थे। इससे परेशान होकर वह अपनी जान दे रहा है। सकरी पुलिस के समक्ष परिजनों ने आरोप लगाया कि उसकी हत्या की गई है। तालाब में पानी कम था और उसे तैरना आता था। उसके शरीर में चोट के निशान थे। पुलिस ने हत्या के बिंदु से भी जांच शुरू की। सुसाइड नोट मृतक के हाथों से ही लिखा जाना पाया गया, इसके अलावा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी पानी में दम घुटने से मौत होने की पुष्टि हुई। इसके बाद तीनों के खिलाफ पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।


