बिलासपुर

दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति मुर्मू होंगीं मुख्य अतिथि, केंद्रीय विवि में तैयारियां शुरू
20-Aug-2023 2:56 PM
दीक्षांत समारोह में  राष्ट्रपति मुर्मू होंगीं मुख्य अतिथि, केंद्रीय विवि में तैयारियां शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 20 अगस्त।
गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय का दसवां दीक्षांत समारोह 1 सितंबर को सुबह 10 बजे रजत जयंती सभागार में होगा। इसमें मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू होंगी। राष्ट्रपति केंद्रीय विश्वविद्यालय की विजिटर भी हैं।

समारोह की भव्यता एवं गरिमा के अनुरूप आयोजित करने के लिए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आलोक कुमार चक्रवाल ने बैठक ली। बैठक में कुलसचिव सहित दसवें दीक्षांत समारोह के संयोजक प्रो. विशन सिंह राठौड़, सह-संयोजक प्रो. एम.एन. त्रिपाठी व परीक्षा नियंत्रक एच.एन. चौबे सहित विभिन्न समितियों के समन्वयक उपस्थित थे।

कुलपति प्रो. चक्रवाल को विभिन्न समितियों के समन्वयकों ने कार्य योजना एवं अब तक की तैयारियों की जानकारी दी। प्रो. चक्रवाल ने समारोह स्थल, विश्वविद्यालय परिसर में जारी निर्माण कार्य एवं अन्य कार्यों को दृष्टिगत रखते हुए संयोजक, सह-संयोजकों एवं समन्वयकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।

दसवें दीक्षांत समारोह में शैक्षणिक सत्र 2021-22 की विभिन्न परीक्षाओं (स्नातक, स्नातकोत्तर व पत्रोपाधि) में मेरिट सूची में प्रथम स्थान पाने वाले विद्यार्थी शामिल होंगे। साथ ही वह शोधार्थी जो एक जनवरी, 2022 से 31 दिसंबर, 2022 के मध्य पीएचडी उपाधि के पात्र गये हैं वे शामिल होंगे। समारोह में 28 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि तथा 76 विद्यार्थियों को स्वर्ण मंडित पदक प्रदान किये जाएंगे, जिनमें विश्वविद्यालय पदक, चांसलर पदक एवं गुरु घासीदास विश्वविद्यालय पदक तथा दानदाता पदक शामिल हैं। दीक्षांत समारोह का रिहर्सल 31 अगस्त को सुबह 11 बजे से होगा।


 


अन्य पोस्ट