बिलासपुर

मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, गर्भवती की मौत, दो दर्जन मजदूर घायल
15-Jul-2023 3:11 PM
मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, गर्भवती की मौत,  दो दर्जन मजदूर घायल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 15 जुलाई।
खेत में काम करने के लिए जा रहे मजदूरों से भरी एक ट्रैक्टर ट्राली पलटने से एक महिला की मौत हो गई और करीब 2 दर्जन लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल 12 लोगों को सिम्स चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने चक्का जाम भी कर दिया।

दुर्घटना आज बिल्हा इलाके के हरदी ग्राम के पास हुई है। जानकारी के मुताबिक रोपाई के लिए एक कृषक ने सरवानी ग्राम से मजदूरों को बुलाया था। करीब 40 मजदूर ट्रैक्टर पर सवार होकर हरदी ग्राम की ओर आ रहे थे। रास्ते में कीचड़ और गड्ढे के बीच ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और ट्राली पलट गई। दुर्घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। मदद के लिए पुलिस और एंबुलेंस के समय पर नहीं पहुंचने पर लोगों ने हंगामा मचाया और चक्का जाम भी किया। ट्रैक्टर पलटते ही चालक भी भाग गया था जिसके चलते भी लोगों में गुस्सा था। बाद में उन्हें पुलिस ने पहुंचने के बाद समझा-बुझाकर शांत किया।

घायलों को बिल्हा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। हालत गंभीर होने पर 22 वर्षीय लक्ष्मीबाई केवट को करीब 12 अन्य घायलों के साथ सिम्स चिकित्सालय लाया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया गया है कि वह गर्भवती थी। महिला के पति राजेंद्र केवट को भी गंभीर हालत में सिम्स में ही दाखिल कराया गया है। 
घटना की जानकारी मिलने पर आम आदमी पार्टी कि प्रियंका शुक्ला और जसवीर सिंह ने अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की।


अन्य पोस्ट