बीजापुर

तालाब से अवैध मुरूम खुदाई, हाइवा जब्त
13-Jun-2026 10:05 PM
तालाब से अवैध मुरूम खुदाई, हाइवा जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बीजापुर, 13 जून। जिला मुख्यालय स्थित महादेव तालाब क्षेत्र में अवैध रूप से मुरूम और मिट्टी उत्खनन किए जाने के मामले में खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक हाइवा वाहन जब्त किया है। यह कार्रवाई मीडिया में सूचना सामने आने के बाद की गई।

जानकारी के अनुसार महादेव तालाब से बिना अनुमति मुरूम और मिट्टी निकालकर परिवहन किया जा रहा था। मामले की जानकारी मिलने पर खनिज विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच की। जांच के दौरान एक हाइवा को अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया।

वाहन चालक से पूछताछ में उसने बताया कि यह कार्य ठेकेदार आकाश चांडक के कहने पर किया जा रहा था। चालक ने यह भी स्वीकार किया कि अब तक उक्त हाइवा से चार ट्रिप मुरूम और मिट्टी की ढुलाई की जा चुकी थी।

खनिज विभाग ने वाहन जब्त कर आवश्यक दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारियों ने वाहन चालक के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किया है। साथ ही अवैध उत्खनन और परिवहन में शामिल अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

खनिज विभाग का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।


अन्य पोस्ट