बीजापुर
दोनों प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 11 जून। शिक्षा विभाग में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राज्य शासन ने बीजापुर जिले के लिए नए जिला शिक्षा अधिकारी की नियुक्ति की है। जारी आदेश के अनुसार राजेश कुमार पांडे को बीजापुर का नया जिला शिक्षा अधिकारी बनाया गया है।
वहीं वर्तमान में प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे अधिकारियों को नई पदस्थापना दी गई है। लखन लाल धनेलिया को संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा विभाग बस्तर की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि राजकुमार कठौते को जिला शिक्षा अधिकारी, बस्तर नियुक्त किया गया है।
शिक्षा विभाग में हुए इस फेरबदल को प्रशासनिक कसावट और शैक्षणिक व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नए जिला शिक्षा अधिकारी के पदभार ग्रहण करने के बाद जिले में शिक्षा व्यवस्था को लेकर नई कार्ययोजना और प्राथमिकताओं पर भी नजर रहेगी।


