बीजापुर

तेंदूपत्ता अग्निकांड: 15 दिन बाद भी नहीं पहुंची जांच टीम, जांच के लिए एक सप्ताह का और इंतजार
09-Jun-2026 10:21 PM
तेंदूपत्ता अग्निकांड: 15 दिन बाद भी नहीं पहुंची जांच टीम, जांच के लिए एक सप्ताह का और इंतजार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बीजापुर, 9 जून। ईटपाल स्थित निजी तेंदूपत्ता गोदाम में 25 मई को हुई भीषण आगजनी की घटना के 15 दिन बीतने के बाद भी शासन स्तर पर गठित जांच टीम के मौके पर नहीं पहुंचने से सवाल खड़े होने लगे हैं।

जानकारी के मुताबिक ईटपाल में अताउर्रहमान के निजी तेंदूपत्ता गोदाम में लगी आग में करीब 18 हजार बोरा तेंदूपत्ता जलकर नष्ट हो गया था। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक इस घटना में लगभग 6 करोड़ 77 लाख रुपये मूल्य का तेंदूपत्ता नुकसान हुआ है, जबकि स्थानीय सूत्रों का दावा है कि वास्तविक क्षति 10 करोड़ रुपये के आसपास हो सकती है।

घटना के बाद प्रबंध संचालक जिला यूनियन ने दो वनरक्षकों को निलंबित कर कार्रवाई का संकेत तो दिया, लेकिन नियंत्रणकर्ता अधिकारियों व गोदाम से जुड़े जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

बीते दिनों निलंबित किए गए एक वनरक्षक ने भी अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए आरोप लगाया था कि मामले में उच्च अधिकारियों की जिम्मेदारी तय किए बिना सीधे निचले स्तर के कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है। इस बयान के बाद मामले ने और अधिक तूल पकड़ लिया है।

जांच टीम के अब तक मौके पर नहीं पहुंचने से लोगों के मन में संशय गहराने लगा है। क्षेत्र में यह चर्चा आम है कि आखिर जांच में इतनी देरी क्यों हो रही है और क्या वास्तविक जिम्मेदारों तक कार्रवाई पहुंच पाएगी या फिर हर बार की तरह छोटे कर्मचारी ही कार्रवाई की जद में आएंगे।

इस संबंध में बीजापुर डीएफओ जादव सागर रामचंद्र ने बताया कि रायपुर में बैठक होनी है।

बैठक के बाद अगले सप्ताह तक शासन स्तर पर गठित जांच दल बीजापुर पहुंचकर मामले की जांच करेगा। उन्होंने कहा कि जांच टीम के आगमन की जानकारी मीडिया को भी दी जाएगी।


अन्य पोस्ट