बीजापुर

10 करोड़ के तेंदूपत्ता अग्निकांड : डीएफओ हटाए गए
28-May-2026 11:22 PM
10 करोड़ के तेंदूपत्ता अग्निकांड : डीएफओ हटाए गए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बीजापुर, 28 मई। ईटपाल स्थित अताउर्रहमान के निजी तेंदूपत्ता गोदाम में सोमवार को लगी भीषण आग के बाद जहां वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डीएफओ रमेश कुमार जांगड़े को पद से हटाकर मुख्यालय अटैच कर दिया, उनकी जगह आईएफएस जादव सागर रामचंद्र को बीजापुर का नया वनमंडलाधिकारी बनाया गया हैं। वहीं दूसरी ओर अब पूरे मामले में गोदाम की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाले अधिकारियों कर्मचारियों की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं।

करीब 18 हजार मानक बोरा तेंदूपत्ता जलने से लगभग 10 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। घटना के बाद विभागीय हलकों और स्थानीय नागरिकों के बीच चर्चा तेज है कि आखिर गोदाम की सुरक्षा, रखरखाव और नियमित निरीक्षण की जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारियों पर अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई। जबकि प्रथम दृष्टया तेंदूपत्ता भंडारण की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की जवाबदेही सीधे तौर पर गोदाम प्रभारी और निरीक्षणकर्ता अधिकारियों की मानी जा रही है।

जानकारी के अनुसार तेंदूपत्ता के सुरक्षित भंडारण के लिए वन परिक्षेत्र अधिकारी बीजापुर दीक्षा बर्मन, वन परिक्षेत्र अधिकारी बीजापुर बफर सुभान्स मांझी, गोदाम प्रभारी दीनानाथ गोसाई, उपवन क्षेत्रपाल डमरू धर बघेल सहित अन्य गोदाम सहायकों की ड्यूटी लगाई गई थी। इन अधिकारियों और कर्मचारियों को गोदाम की सुरक्षा, निगरानी, रखरखाव और आग जैसी घटनाओं से बचाव के इंतजाम सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके बावजूद इतनी बड़ी आगजनी की घटना होना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय-समय पर निरीक्षण, सुरक्षा मानकों का पालन और पर्याप्त निगरानी की गई होती, तो करोड़ों रुपये का तेंदूपत्ता जलने से बचाया जा सकता था।


अन्य पोस्ट