बीजापुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 21 मई। विधायक विक्रम मंडावी ने चार दिनों तक बीजापुर और उसूर विकासखंड के 33 अंदरूनी गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी।
ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष स्कूल, अस्पताल, सडक़, शुद्ध पेयजल, बिजली, आंगनबाड़ी केंद्र और रोजगार की मांगें रखी। विधायक ने ग्रामीणों को भरोसा दिया कि उनकी सभी मांगों पर गंभीरता से कार्य किया जाएगा और रोजगार उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
अपने चार दिवसीय दौरे के समापन पर विधायक मंडावी ने कहा कि उसूर और गंगालूर क्षेत्र की दर्जनों पंचायतों के गांवों में अभी भी मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी है। ग्रामीण स्कूल, स्वास्थ्य सुविधा, सडक़, पेयजल, बिजली और रोजगार की मांग कर रहे हैं। हम इन मांगों को सरकार तक पहुंचाएंगे और इन्हें जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास करेंगे।
विधायक ने गंगालूर और उसूर क्षेत्र के ग्राम पेदाकोरमा, पालनार, सावनार, तोडक़ा, ईतवार, कोरचोली, पुसानार, कावडग़ांव, हिरमगुण्डा, मुदवेंडी, पीडिय़ा, डोडीतुमनार, गमपुर, पेदागेलूर, गोमगुड़ा (पालागुड़ा), पालागुड़ा, कंचाल, गण्डाराजगुड़ा, एर्रापल्ली (कंचाल), मेटागुड़ा (दोरली), मंगलतोंग, रासपल्ली (उड़तामल्ला), यमपुर (उड़तामल्ला), सापेड़ (पुजारी कांकेर), बड़े तर्रेम, पोलमपल्ली, कोंजेर (गगनपल्ली), नरसापुर (गगनपल्ली), टेकुलगुड़ा, मुरकीपाड़ (गगनपल्ली), गुण्डाम कोत्तागुड़ा (पुसबाका), पुसबाका और चिपुरभट्टी आदि गांव का दौरा किया।
विदित हो कि यह पहला मौका है, जब कोई विधायक जिले के इतने दूर-दराज के अंदरूनी इलाकों तक पहुंचा और ग्रामीणों को उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।
विधायक के दौरे के दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुडिय़म, जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल थे।


