बीजापुर
नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 22 फरवरी। बीजापुर जिले में नक्सलियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन नक्सल विरोधी अभियानों के तहत सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सुरक्षाबलों ने 16 बीयर बॉटल व 5 किलो का प्रेशर कुकर बम बरामद कर निष्क्रिय किया। सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों ने जमीन के भीतर प्लास्टिक ड्रम में डंप कर छिपाकर रखे विस्फोटक-नक्सल सामान भी बरामद किए।
केरिपु 214 वाहिनी कैंप कांडलापरती-2 द्वारा थाना फरसेगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नीलमडग़ु की ओर सर्चिंग एवं एरिया डॉमिनेशन अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान बी/214 वाहिनी एवं बीडीडी टीम द्वारा संयुक्त रूप से डिमाइनिंग कार्रवाई की गई। सघन तलाशी के दौरान माओवादियों द्वारा पूर्व में प्लांट किए गए 16 बीयर बॉटल आईईडी तथा एक 5 किलोग्राम वजनी प्रेशर कुकर आईईडी बरामद किए गए।
बरामद सभी आईईडी को बीडीडी टीम द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मौके पर ही सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया गया। समय रहते विस्फोटक सामग्री बरामद होने से नक्सलियों की एक बड़ी साजिश विफल हो गई।
प्लास्टिक ड्रम में डंप नक्सल सामान भी बरामद
आगे की सर्चिंग कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने जमीन के भीतर प्लास्टिक ड्रम में डंप कर छिपाकर रखी गई सामग्री भी बरामद की। बरामद सामग्री में रस्सी, फ्लेक्सिबल वायर, मल्टीमीटर, आयरन सोल्डरिंग रॉड, वायर कटर, एम-सील, 1.5 वोल्ट की पेंसिल बैटरियां , डीसी मोटर, माओवादी वर्दी, मैगजीन पाउच, दवाइयां, माओवादी साहित्य, पाम्पलेट एवं अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री शामिल हैं।
सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में माओवादियों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सघन गश्त एवं सर्चिंग अभियान लगातार जारी रखने की बात कही है।
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, जिले में नक्सल विरोधी अभियान पूरी मजबूती और सतर्कता के साथ आगे भी जारी रहेगा।


