बीजापुर
भोपालपटनम क्षेत्र में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 29 दिसंबर। बीजापुर जिले के भोपालपटनम थाना क्षेत्र से सीआरपीएफ 214 बटालियन कैंप कांडलापर्ती एवं जिला बल की संयुक्त टीम ने कांडलापर्ती क्षेत्र में सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया।
अभियान के दौरान डी माइनिंग कार्रवाई करते हुए कांडलापर्ती रोड से कुछ दूरी पर पगडंडी मार्ग पर नक्सलियों द्वारा लगाया गया करीब 5 किलोग्राम वजनी आईईडी बरामद किया गया।
सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सीआरपीएफ 214 बटालियन की बीडीडी टीम ने मौके पर ही आईईडी को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया। इसके बाद आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें नक्सलियों का एक डम्प बरामद हुआ। बरामद किये गये डम्प से 20 पटाखे सुतली बम, वायरलेस सेट की बैटरी, मोबाइल बैटरी एवं चार्जर, कार्डेक्स वायर व प्रेशर स्विच, माओवादी वर्दी, बिजली के तार, विभिन्न टूल्स, तिरपाल सहित नक्सली दस्तावेज एवं अन्य सामग्री जब्त की गई।
सुरक्षा बलों की सतर्कता, सूझ-बूझ और त्वरित कार्रवाई से नक्सलियों की नापाक साजिश को विफल किया गया। क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से आगे भी सर्चिंग एवं एरिया डॉमिनेशन अभियान जारी है।


