बीजापुर

सीएम ने 102 करोड़ की विकास परियोजनाओं की रखी नींव, किया लोकार्पण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 29 जुलाई। मुख्यमंत्री बिष्णुदेव साय ने सोमवार को भूमिपूजन व लोकार्पण समारोह में शिरकत की। साय ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने कुछ नहीं किया। उनके किए गड्ढे को हम पाट रहे हंै। नवागढ़ विधानसभा की सूरत क्या थी, ये सबको पता है।
श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार ने डेढ़ वर्ष के भीतर जनता से किए गए वादों को संकल्पबद्ध होकर पूरा किया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने गरीबों के अपने घर के सपने को साकार करते हुए 18 लाख आवासों की स्वीकृति दी है। पंचायतों को डिजिटल रूप से सक्षम बनाने हेतु अटल सेवा केंद्रों की स्थापना की गई है, जिससे अब गांव में ही डिजिटल सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
साव ने की दाढ़ी नपं भवन के लिए सवा करोड़ की घोषणा
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री साय के कुशल नेतृत्व में प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने नगर पंचायत दाढ़ी में कार्यालय भवन निर्माण के लिए 1 करोड़ 25 लाख की स्वीकृति की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गांव, गरीब और किसान केंद्र में रखकर योजनाएं बनाई और लागू की जा रही हैं।
जनता का विश्वास ही हमारी ताकत - डॉ. रमन
कार्यक्रम को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की डबल इंजन की सरकार छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है। यह सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर व्यक्ति तक विकास की वास्तविक रोशनी पहुंचा रही है।
डॉ.रमन सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र को नई पहचान दी - दयालदास
खाद्यमंत्री बघेल ने कहा कि डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र को नई पहचान दी। उन्होंने कहा कि 2003 के पहले की स्थिति को बताते हुए कहा कि आज नवागढ़ विधानसभा का जो विकास हुआ हैं वह आज दिख रहा है। उन्होंने अपने कार्यकाल की उपलब्धि का वाचन कर डॉ.रमन सिंह की अगुवाई में हुए विकास का बखान किया।
20 ग्राम पंचायतों को सीसी रोड निर्माण के लिए 5-5 लाख की सौगात
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनपद पंचायत नवागढ़ के अंतर्गत आने वाली 20 ग्राम पंचायतों में सीसी रोड निर्माण के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत को 5-5 लाख की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जिले की सभी विकास संभावनाओं को पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर गौरीशंकर अग्रवाल, विधायक दीपेश साहू, विधायक ईश्वर साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, नगर पंचायत अध्यक्ष भारती सूरज साहू, लाभचंद बाफना, अवधेश चंदेल, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, नपा अध्यक्ष बेमेतरा विजय सिन्हा, राजेश दुबे, सालिक अग्रवाल, सोमेश दुबे, ओमप्रकाश जोशी, तानसेन पटेल आदि मौजूद रहे।