बीजापुर

भोपालपटनम के जंगलों में ‘खनिज लूट’ के आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 7 मई। बीजापुर जिले के भोपालपटनम ब्लॉक का कुचनूर गांव, इन दिनों एक बार फिर सुर्खियों में है। कारण है वहां स्थित कोरंडम खदान, जिसे लेकर कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने भाजपा सरकार पर खनिज संपदा की ‘खुलेआम लूट’ का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने प्रेसवार्ता में सीधे तौर पर बीजापुर भाजपा नेता संजय लुंकड़ और रायपुर के कारोबारी कैलाश चंद्र अग्रवाल को निशाने पर लिया और आरोप लगाया कि इनके संरक्षण में वहां पेड़ो की कटाई और साफसफाई का काम हो रहा है।
‘खनन के नाम पर जंगलों का विनाश’ - मंडावी
विधायक मंडावी ने दावा किया कि कुचनूर की वर्षों से बंद पड़ी कोरंडम खदान को अब भाजपा के संरक्षण में अवैध रूप से फिर से चालू किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जंगल की कटाई गुपचुप ढंग से शुरू की गई है और यह काम भाजपा नेता संजय लुंकड़ की देखरेख में हो रहा है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि रायपुर के व्यापारी कैलाश चंद्र अग्रवाल, जो भाजपा से जुड़े बताए जा रहे हैं, इस खदान की पूरी योजना के पीछे हैं।
विक्रम मंडावी ने भाजपा सरकार से पूछे सवाल-
क्या इस खदान को चालू करने के लिए पर्यावरण और ग्रामसभा से कोई अनुमति ली गई है?
खदान का ठेका किसे दिया गया और क्यों?
हजारों पेड़ों की कटाई की इजाजत किसने दी?
क्या पेसा कानून और पंचायत अधिनियम का पालन किया गया?
विधायक विक्रम मंडावी ने आरोप लगाया कि सरकार का उद्देश्य आदिवासी हितों की रक्षा नहीं, बल्कि उद्योगपति मित्रों को फायदा पहुँचाना है। अगर भाजपा नेता संजय लुंकड़ और व्यापारी कैलाश चंद्र अग्रवाल की भूमिका पर सरकार चुप है, तो जनता इसे उनकी मिलीभगत ही मानेगी.!
भाजपा की प्रतिक्रिया, कांग्रेस का संघर्ष शुरू
भाजपा की ओर से इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता संजय लुंकड़ ने विधायक द्वारा लगाए आरोप को झूठा व बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि इसमें उनकी कोई भूमिका नहीं है। लेकिन इधर कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह इस मुद्दे को लेकर व्यापक आंदोलन छेड़ेगी।