बीजापुर

पार्षद घासीराम को मिली बड़ी जिम्मेदारी, बीजापुर भाजपा के नए जिलाध्यक्ष बनाए गए
05-Jan-2025 10:28 PM
पार्षद घासीराम को मिली बड़ी जिम्मेदारी, बीजापुर भाजपा के नए जिलाध्यक्ष बनाए गए

 जमीनी नेता के रूप में जाने जाते हैं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बीजापुर, 5 जनवरी। भाजपा संगठन ने आज बीजापुर नगर पालिका परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष, वर्तमान पार्षद व किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष घासीराम नाग को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए उन्हें बीजापुर जिला भाजपा संगठन का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। घासीराम नाग को जिलाध्यक्ष बनाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है।

बीजापुर भाजपा जिलाध्यक्ष बनने की दौड़ में संजय लुक्कड़, गोपाल सिंह पवार व दयाशंकर पटेल का नाम प्रमुख था। खबरों के मुताबिक इन्हीं किसी नामों पर जिलाध्यक्ष के नाम की मुहर लगने के कयास लगाये जा रहे थे। लेकिन भाजपा संगठन ने अचानक पार्षद घासीराम नाग के भाजपा जिलाध्यक्ष के नाम का एलान कर सबको चौंका दिया है।

घासीराम नाग वर्ष 1988 से भाजपा से जुड़ कर समर्पित रूप से काम कर रहे हैं। उन्हें संगठन ने पहली जिम्मेदारी किसान मोर्चा के बीजापुर मंडल अध्यक्ष बनाकर दी। इसके बाद उन्हें भाजपा जिला उपाध्यक्ष बनाया गया। वर्तमान में वे संगठन के किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष के पद पर रहे।  इसके अलावा घासीराम नाग नगर पालिका परिषद बीजापुर के वार्ड क्रमांक 8 डॉ. राजेन्द्र प्रसाद वार्ड से दो बार लगातार पार्षद रहे। पिछले चुनाव में उन्होंने सीट बदलकर शहीद नारायण वार्ड क्रमांक 15 से चुनाव लडक़र जीत हासिल की।

 वे लगातार तीन बार से पार्षद हैं। वे पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष भी रहे हंै। वे संघ परिवार के सदस्य रहे है। अनुसूचित जाति वर्ग से आने वाले घासीराम नाग भाजपा के समर्पित, निष्ठावान व जमीनी कार्यकर्ता माने जाते हैं। साथ ही वे बीजापुर भाजपा के पूर्व अध्यक्ष जी. वेंकट के करीबी माने जाते हैं। घासीराम नाग के जिलाध्यक्ष बनने से भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है।


अन्य पोस्ट