बीजापुर

चलबो गौठान खोलबो पोल अभियान, सामने आ रही गौठानों की अनियमितता
बीजापुर, 25 मई। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजना में कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर भाजपा ने प्रदेश भर में मोर्चा खोल रखा है।
बुधवार व गुरुवार को पूर्व वनमंत्री महेश गागड़ा ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ बीजापुर जिले के भोपालपटनम क्षेत्र के गोल्लगुड़ा, तिमेड, उल्लूर, भद्रकाली व चन्दूर के गौठानों का निरीक्षण किया।
गागड़ा का आरोप है कि उन्होंने इन गौठानों में भारी अनियमिता देखी। उन्होंने बताया कि गौठान में उन्हें न गायें दिखी न गोबर, न वर्मी कम्पोस्ट खाद और न ही चारा न पानी नजर आया। गौठानों की दुर्दशा देखने के बाद गागड़ा ने आरोप लगाया कि भूपेश सरकार ने शराब घोटाले की तरह गोबर और चारा घोटाला किया है। जिस तरह ऑर्गनाइज्ड क्राइम सिंडिकेट बनाकर कोयला, रेत, व शराब घोटाले किये हैं। उसी तर्ज पर संगठित गौठान घोटाला भी किया गया है।
उन्होंने कहा कि भूपेश सरकार ने गौमाता के साथ भ्रष्टाचार किया हैं। प्रदेशभर में गौठानों के निर्माण में भ्रष्टाचार किया गया, फिर चारा भी खा गए। गायें सडक़ों पर घूम रही हैं। गोबर खरीदी में घोटाला किया गया। किसानों को वर्मी कम्पोस्ट के नाम पर जबरिया मिट्टी थमाई जा रही है।
गागड़ा ने आरोप लगाया कि भूपेश सरकार ने गौठानों की आड़ में 1300 करोड़ से अधिक का भ्रष्टाचार किया है, वहीं गौठान निरीक्षण के दौरान महेश गागड़ा ने स्थानीय लोगों से भी अव्यवस्था को लेकर चर्चा की।
उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये घोटालों की ऐसी सरकार है जिसने चारा घोटाला को भी पीछे छोड़ दिया हैं। वही गागड़ा ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार द्वारा 14वें वित्त-15 वें वित्त आयोग, मनरेगा व डीएमएफ जैसे मदों से गांव के विकास के लिए भेजी गई राशि को गौठानों पर लगवाकर भ्रष्टाचार किया गया।
इस अवसर पर भोपालपटनम मंडल अध्यक्ष वेंकटेश्वर यालम, उपाध्यक्ष सीताराम तोडेम, राकेश केतारप, गोविंद कुमरे, पी संतोष, जया चिडेम, रिंकी परस्ते सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।