बीजापुर

2 घंटे तक चला बचाव अभियान, पेगड़ापल्ली पुल पर फँसे थे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 12 सितंबर। जिले में दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश से जन जीवन अस्त -व्यस्त हो गया था। दर्जनों गाँवों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया था, वहीं रविवार को अत्यधिक बारिश की वजह से भोपालपटनम तहसील के पेगड़ापल्ली पंचायत के पास बसों में सवार 100 से अधिक लोग बाढ़ के पानी की वजह से पेगड़ापल्ली पुल पर फँस गए थे।
यात्रियों को लगा कि पानी जब उतर जाएगा तो वे निकल जायेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। तब बाढ़ में फँसे लोगों ने विधायक विक्रम मंडावी को इसकी जानकारी दी, तब विधायक ने जिला प्रशासन के अधिकारियों से बात की और फँसे हुए लोगों का रेसक्यू करने को कहा।
नगर सेना के प्रभारी निर्मल साहू ने बताया कि मेरे पास विधायक विक्रम मंडावी ने फ़ोन किया औऱ कहा कि पेगड़ापल्ली में फँसे हुए यात्रियों की जानकारी दी। तभी हम नगर सेना के 10 जवानों के साथ 2बोट लेकर हम पेगड़ापल्ली पहुँच गए। हमारे साथ विधायक विक्रम मंडावी, जिला पंचायत सीईओ रवि साहू मौजूद रहे। हमने बाढ़ में फँसे लोगों को निकालने के लिए रात कऱीब 11.30 बजे रेसक्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया औऱ यह ऑपरेशन लगभग रात के 2.30 बजे तक चलता रहा। हमने बाढ़ में फँसे सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
विधायक विक्रम मंडावी ने बताया कि मेरे पास सूचना आयी थी कि दो बसों में सवार कुछ लोग पेगड़ापल्ली के पास बाढ़ के पानी में फँस गए हैं, वे यात्री काफ़ी डरे सहमे हुए थे। मैंने तत्काल नगर सेना की टीम को फ़ोन लगाया औऱ लोगों को रेसक्यू करने के लिए कहा और दो घंटों की मशक्कतके बाद लोगों का रेसक्यू किया गया। सभी लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाकर उनके भोजन औऱ रहने की व्यवस्था की गई।