बीजापुर

फेडरेशन के कलम बंद काम बंद हड़ताल को मिला भाजपा का साथ
26-Jul-2022 10:33 PM
फेडरेशन के कलम बंद काम बंद हड़ताल को मिला भाजपा का साथ

राज्य के इतिहास में पहली बार कर्मचारी संघ का कलम बंद हड़ताल- मुदलियार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 26 जुलाई।
छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की पांच दिनी काम बंद कलम बंद हड़ताल के समर्थन में भाजपा भी उतर आई हैं। फेडरेशन के धरना स्थल पहुंचकर भाजपा पदाधिकारियों ने उनकी जायज मांगों को जल्द पूरा किये जाने की मांग की है।

कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की मांग को वाजिब करार देते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीनिवास मुदलियार ने कहा कि देश के हर राज्य में कर्मचारियों को 34 प्रतिशत डीए व सातवां वेतनमान के आधार पर गृह भाड़ा महंगाई भत्ता  मिल रहा है, पर छत्तीसगढ़ की धोखेबाज कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ के कर्मचारी अधिकारी वर्ग को धोखा दिया है। सीएम  ने छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों के साथ अन्याय किया है। उनको 34 प्रतिशत डीए मिलना चाहिए, जबकि राज्य सरकार सिर्फ 22 प्रतिशत दे रही हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार में कर्मचारियों को सातवां वेतनमान का गृह भाड़ा भत्ता भी नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि  सरकार को ये नहीं भूलना चाहिए कि यही कर्मचारियों ने आपको गद्दी पर बिठाया है और वे आपकी गद्दी छीनना भी जानते हैं।
 
धरना का समर्थन करने भारतीय  जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष लव कुमार रायडू,घासी राम नाग,भाजपा जिला महामंत्री सत्येंद्र ठाकुर ,तिरुपति कटला ,भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य फूलचंद गागड़ा,सूचना अधिकार प्रकोष्ठ जिला प्रभारी सतीश यादव, माया झाड़ी , पूजा पोंदी  , उर्मिला तोकल ,बसंती लिंगम  सहित सभी मोर्चों प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट