बीजापुर

भाजपा व कांग्रेस सरकार ने वनकर्मियों को छला- विजय
23-Mar-2022 9:36 PM
भाजपा व कांग्रेस सरकार ने वनकर्मियों को छला- विजय

आंदोलनरत वनकर्मियों को समर्थन देने पहुंचा जेसीसीजे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 23 मार्च।
अपनी लंबित 12 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे वनकर्मियों की मांगों के समर्थन में भाजपा के बाद अब जनता कांग्रेस जोगी भी आ गई है।  

बीते दिनों भाजपा के पूर्व मंत्री महेश गागड़ा के समर्थन देने के बाद बुधवार को जेसीसीजे के बीजापुर जिलाध्यक्ष विजय झाड़ी के नेतृत्व में पार्टी के अन्य पदाधिकारी समेत कार्यकर्ता वनकर्मियों के धरना स्थल पहुंचे और उन्हें अपना समर्थन दिया। यहां जनता कांग्रेस की ओर से जिलाध्यक्ष विजय झाड़ी ने आंदोलनरत् कर्मियों को संबोधित किया।

विजय ने उनकी 12 सूत्रीय मांगों को वाजिब ठहराते कहा कि पिछली सरकार भाजपा की थी और क्षेत्र के विधायक सरकार में वन मंत्री थे। उनके वनमंत्री रहते भी वनकर्मियों की लंबित मांगों का निराकरण नहीं हो पाया तो पूर्व विधायक के वनमंत्री पद पर बने रहने का क्या फायदा वनकर्मियों को मिला। इसी तरह वर्तमान सरकार भी सत्तासीन होने से पहले कई वायदे कर सरकार में आई, लेकिन सत्ता में काबिज हुए साढ़े तीन साल बीतने के बाद यह सरकार भी पिछली सरकार के नक्शे कदम पर चल रही है। बेरोजगार, अनियमित कर्मियों, किसानों की तर्ज पर वनकर्मियों की जायज मांगों को भी इस सरकार ने रद्दी की टोकरी में डाल रखा है। लगातार आंदोलनरत् रहने के बावजूद सरकार के कानों में जू तक नहीं रेंग रही हैं तो वहीं तत्कालीन भाजपा सरकार के पूर्व मंत्री, नेता भी अपने राजनीतिक लाभ के लिए केवल उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।

विजय ने कहा कि 2002 में अजीत जोगी की सरकारी बनी थी, तब राज्य का बजट 4000 करोड़ में तत्कालीन भाजपा सरकार को 3000 करोड़ बचाकर दिया गया था, लेकिन कमजोर अर्थनीति के चलते पिछली सरकार  बजट को घाटे की ओर ले गई और राज्य पर 40000 करोड़ का कर्ज थोप दिया। इसी तरह वर्तमान कांग्रेस सरकार ने भी इसमें कोई कोर-कसर बाकी नहीं रखी और राज्य को 84,000 के कर्ज में लेकर चल रही है।
 
विजय ने भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों पर निशाना साधते कहा कि जनता ने दोनों ही पार्टियों को बराबर का मौका दिया था। गहरा विश्वास भी जताया था, लेकिन दोनों ही पार्टी जन अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर पाई, नतीजतन आज प्रदेश में बेरोजगार रोजगार, अनियमित नियमितिकरण, किसान बोनस, तेंदूपत्ता संग्राहकर संग्रहण दर में बढ़ोतरी के बाद अब वन कर्मी अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन को बाध्य है, जो सरकारों की नाकामी और वादा खिलाफी का उदाहरण पेश करती है।

विजय ने कहा कि वनकर्मियों की सभी मांगें जायज है। उनकी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सरकार को अविलंब उनकी मांगें पूरी करनी चाहिए। जल्द ही सरकार वनकर्मियों की मांगों पर कोई निर्णय नहीं लेती तो जनता कांग्रेस वनकर्मियों की जायजा मांगों को लेकर उनके साथ सरकार के खिलाफ आंदोलन पर उतरेगी।

इस दौरान पार्टी के बस्तर सलाहकार व प्रदेश संयुक्त सचिव चंद्रैया सकनी, संभागीय महामंत्री पूर्व जिपं अध्यक्ष जमुना सकनी, बीजापुर ब्लाक अध्यक्ष गुड्डु कोरसा, जिला उपाध्यक्ष सल्मैया अंगनपल्ली, वरिष्ठ महिला नेत्री सुनीता तिवारी, लालू, नरेंद्र पदम समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।


अन्य पोस्ट