बीजापुर

पुरंदेश्वरी बस्तर में पिकनिक मनाने आती है- विक्रम
17-Mar-2022 7:01 PM
पुरंदेश्वरी बस्तर में पिकनिक मनाने आती है- विक्रम

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बीजापुर, 17 मार्च।
ज़िला कांग्रेस कमेटी बीजापुर द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में बीजापुर के विधायक एवं बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विक्रम शाह मंडावी ने भाजपा की प्रदेश प्रभारी डी॰ पुरंदेश्वरी के आरोपों को सिरे से ख़ारिज करते हुए कहा कि भाजपा के पंद्रह वर्षों के शासनकाल में आदिवासियों पर जितने अत्याचार हुए है। वह किसी से छिपी नहीं है। आज भी बस्तर के आदिवासी भाजपा के पंद्रह सालों के अत्याचारों को भूले नहीं है।

भाजपा और रमन सिंह ने पंद्रह सालों में विकास के नाम पर केवल भ्रष्टाचार किया है। विधायक मंडावी ने आगे कहा कि भाजपा ने पंद्रह सालों में जो विकास नहीं किया वह कांग्रेस की सरकार ने महज़ तीन वर्षों में कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि पुरंदेश्वरी जब भी दोबारा बीजापुर आएँगी तो उन्हें हम स्वयं विकास दिखा देंगे।

उन्होंने पत्रकार वार्ता में आगे कहा कि आज बीजापुर सहित प्रदेश की गौठानों की चर्चा देशभर में हो रही है। यह रोज़गार का अच्छा माध्यम होता जा रहा है। प्रदेश की गोधन न्याय योजना की प्रशंसा नीति आयोग ने की है। जिसे पूरे देश में लागू करने की बात हो रही है। स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलायें गौठानों का संचालन कर रही है। जो महिला सशक्तिकरण का पर्याय बनता जा रहा है।

वहीं दूसरी ओर भाजपा और आरएसएस के लोग गौसेवक के नाम पर केवल राजनीति कर रहे है। गौसेवक के नाम पर आज तक भाजपा और उनके नेता भाषण देने के अलावा कुछ भी नहीं किए है। किसानों को 2100/- प्रति क्विंटल धान का समर्थन मूल्य और 300/- रुपए बोनस देने का वादा करने वाली भाजपा और रमन सिंह की सरकार ने किसानों को लगातार पंद्रह सालों तक ठगने का काम किया है। और तो और भाजपा की रमन सरकार ने अंत तक न तो किसानों को समर्थन मूल्य दिये और न ही बोनस दिये। लेकिन कांग्रेस पार्टी ने अपने वादे के मुताबिक़ सरकार बनते ही प्रदेश के सभी किसानों के सभी क़र्ज़ माफ़ किए है और 2500/- प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य पर धान ख़रीदी की जा रही है। अब प्रदेश के किसान आर्थिक रूप से सम्पन्न हो रहे है। पत्रकार वार्ता में उन्होंने  कहा कि भाजपा की प्रदेश प्रभारी पुरंदेश्वरी भाजपा नेता और उसका पूरा कुनबा दिन में खुली आँखों से 2023 के चुनाव जीतने का सपना देखना बंद करे।

प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल के नेतृत्व में 2023 का चुनाव प्रदेश और बीजापुर में कांग्रेस पार्टी प्रचंड बहुमत से जीतेगी और सरकार बनाएगी। उन्होंने आगे कहा- पुरंदेश्वरी बस्तर में केवल पिकनिक मनाने आती है। इनका कार्यकर्ताओं और भाजपा से कोई सरोकार नहीं है।कुछ चिन्हित लोगों से मिलकर अपनी औचारिकता पूरी कर वापस चली जाती है। पत्रकार वार्ता के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट