बीजापुर

बीजापुर, 16 मार्च। अपने एक दिवसीय प्रवास पर बीजापुर पहुंची भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी का भाजपा पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। भाजपा कार्यकर्ता-पदाधिकारियों ने जिले के प्रवेश सीमा से बीजापुर तक जगह-जगह फूल-मालाओं और तिलक लगाकर उनका स्वागत किया।
जीएडी कॉलोनी से भाजपा के युवा कार्यकर्ताओं द्वारा उनके स्वागत में भव्य बाइक रैली निकाली गई, इसके अलावा जिला मुख्यालय में कलेक्टोरेट समेत कई स्थानों पर उनका स्वागत किया गया। अटल सदन पहुंचने पर यहां भव्य स्वागत कार्यक्रम रखा गया। इसके बाद यहां कार्यकर्ता-पदाधिकारियों से परिचय लेते हुए श्रीमती पुरंदेश्वरी ने भव्य स्वागत के लिए आभार प्रकट किया। यहां उन्होंने पार्टी की चरणबद्ध बैठक को संबोधित किया। संगठन की एकता पर जोर देते हुए श्रीमती पुरंदेश्वरी ने नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं को संगठन में निस्वार्थ भाव से काम करने के लिए प्रेरित किया।