बीजापुर

दूल्हे ने वादा निभाया, हेलीकॉप्टर से दुल्हनियां लाया
24-Dec-2021 6:25 PM
दूल्हे ने वादा निभाया, हेलीकॉप्टर से दुल्हनियां लाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बीजापुर,  24 दिसंबर। जिले में एक शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। गुरुवार को विदाई के बाद दुल्हन जब हेलीकॉप्टर से ससुराल पहुंची तो लोग देखते रह गए। इस शादी को इलाके की अब तक की सबसे महंगी शादी माना जा रहा है।

बताया जा रहा है कि शादी के कार्ड पर भी लाखों रुपये का खर्च आया। इसके अलावा लाखों रुपये सजावट में भी लगे। दरअसल यह शादी बीजापुर के रहने वाले कांट्रेक्टर सुरेश चंद्राकर की है। उन्होंने जगदलपुर निवासी रेणुका साहू से 23 दिसंबर को शादी की थी। गुरुवार को लगन की रस्मों में शामिल होने के लिए रेणुका अपने मायके जगदलपुर से चॉपर में सवार होकर बीजापुर पहुंचीं। इस दौरान हेलीपेड पर देखने वालों का हुजूम उमड़ पड़ा। लोग अपने मोबाइल से वीडियो बनाने लगे।

हेलीकॉप्टर से ससुराल पहुंची दुल्हनियां
बताया जा रहा है कि कंस्ट्रक्शन कारोबार करने वाले सुरेश ने अपनी दुल्हन से वादा किया था कि वो उन्हें हेलीकॉप्टर से जगदलपुर से बीजापुर लेकर आएंगे। उन्होंने गुरुवार अपना यह वादा पूरा किया। इसके लिए उन्होंने हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए प्रशासन से इजाजत ली थी। इस अनोखी शादी की चर्चा छत्तीसगढ़ में हो रही है।


अन्य पोस्ट