बेमेतरा

आरटीओ बेमेतरा: सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद काम नहीं, एजेंटों का सहारा!
21-Feb-2026 4:35 PM
आरटीओ बेमेतरा: सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद काम नहीं, एजेंटों का सहारा!

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

बेमेतरा, 21 फरवरी। बेमेतरा स्थित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में कार्यप्रणाली को लेकर कुछ लोगों ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि विभिन्न सेवाओं के लिए निर्धारित शासकीय शुल्क से अधिक राशि एजेंटों के माध्यम से ली जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, ड्राइविंग लाइसेंस, नामांतरण, वाहन ट्रांसफर और एनओसी जैसे कार्यों के लिए कार्यालय परिसर में सक्रिय एजेंटों की मदद लेने का दबाव बनता है। कुछ आवेदकों का कहना है कि सीधे आवेदन करने पर दस्तावेजों में कमी बताई जाती है, जबकि एजेंटों के माध्यम से प्रक्रिया अपेक्षाकृत जल्दी पूरी हो जाती है। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

शिकायतकर्ताओं का यह भी आरोप है कि ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने की निर्धारित प्रक्रिया—जिसमें लिखित परीक्षा और ट्रायल शामिल है—का पालन हर मामले में नहीं किया जा रहा। हालांकि इस संबंध में विभाग की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

शासकीय शुल्क के संबंध में जानकारी के अनुसार, लर्निंग लाइसेंस, स्थायी लाइसेंस, हैवी लाइसेंस और नवीनीकरण के लिए शासन द्वारा अलग-अलग दरें निर्धारित हैं। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि एजेंट निर्धारित शुल्क से अधिक राशि लेते हैं। कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि कार्यालय में बाहरी व्यक्तियों की मौजूदगी के माध्यम से वसूली की जा रही है। इस संबंध में वार्ड 10 निवासी अश्वनी तिवारी ने कलेक्टर कार्यालय में लिखित शिकायत प्रस्तुत की है, जिसमें विभागीय कर्मचारियों और बाहरी व्यक्तियों की भूमिका की जांच की मांग की गई है।

इस मामले में जिला परिवहन अधिकारी अरविंद भगत ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की संलिप्तता का नाम सामने आता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर तथ्यों की जांच की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच और प्रशासनिक स्तर पर आगे की कार्रवाई की प्रतीक्षा है।


अन्य पोस्ट