बेमेतरा

विवाह की चौदहवीं वर्षगांठ पर जैन दंपत्ति ने बच्चों को दिये उपहार, बांटी मिठाई
18-Feb-2026 3:52 PM
विवाह की चौदहवीं वर्षगांठ पर जैन दंपत्ति ने बच्चों को दिये उपहार, बांटी मिठाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 18 फरवरी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला रानो में भटगांव निवासी राजेश कुमार जैन एवं उनकी पत्नी नवाचारी शिक्षिका प्रतीक जैन ने अपने विवाह के चौदह वर्ष पूर्ण होने पर शाला में सभी बच्चों को उपहार स्वरुप बॉटल प्रदान किया। ग्रीष्म ऋतु प्रारम्भ को देखकर उन्होंने यह उपहार विशेष रूप से बच्चों को दिया।

 नवाचारी शिक्षिका ने बताया कि रानो शाला परिसर में ग्रीष्म आरम्भ होने पर पानी का स्तर नीचे चला जाता है। जिससे बच्चों को कई बार पानी की असुविधा हो जाती है। अत: उन्होंने उपहार के रूप में बॉटल का चयन किया, ताकि बच्चे घर से ही पानी ला सकें तथा थोड़ी-थोड़ी देर में उसे पीते रहे एवं अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें। साथ ही उन्होंने बच्चों को प्रसाद एवं मिठाई भी वितरित किया। शिक्षिका पूर्व में भी अपने वैवाहिक वर्षगांठ एवं अपने तथा बच्चों के जन्मदिन पर भी इस प्रकार का सहयोग कर चुकी हैं।

उन्होंने स्वयं एवं समुदाय के सहयोग से बच्चों को जूता, मोजा, टाई, बेल्ट, आई-कार्ड तथा पिता की स्मृति में तीन बच्चों केसर, देवपीका, निलेश की बारहवीं तक की शिक्षा की जिम्मेदारी, कॉपी, पेन, स्लेट, पहाड़े एवं स्कूल बैग बच्चों को उपहार स्वरुप प्रदान किया। वर्तमान में भी शिक्षिका बच्चों एवं शाला के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत है, साथ ही समुदाय से भी उन्होंने हर संभव सहयोग के लिए अपील की है।

इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य द्वारिका राम वर्मा, माध्यमिक प्रधान पाठक किशुन राम साहू, प्राथमिक प्रधान पाठक उत्तम साहू, अवधराम वर्मा, कनकलता सरसुधे, प्रतीक जैन, प्रज्ञा जैन, अमृत लाल गुप्ता एवं समस्त बच्चे उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट