बस्तर

नक्सली ने किया आत्मसमर्पण
05-Jul-2021 9:00 PM
नक्सली ने किया आत्मसमर्पण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 5 जुलाई। रविवार की दोपहर पुलिस लाइन में पत्रकारवार्ता के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बस्तर दीपक कुमार झा ने बताया कि जिला बस्तर पुलिस के समक्ष कांगेरवेली एरिया कमेटी सचिव के गनमेन नक्सली पुनेम राजेश (20) मेटापाल बीजापुर ने आत्मसमर्पण किया है।

श्री झा ने बताया कि माओवादी पुनेम राजेश को वर्ष 2019 माह जुलाई में कांगेरवेली एरिया कमेटी सचिव पण्डरू उर्फ संजू द्वारा केरलापाल में माओवादी जयलाल के संगठन में शामिल किया गया। जहाँ करीब 6-7 माह इसके द्वारा कार्य किया गया। इस दौरान पश्चिम बस्तर क्षेत्र में इनके द्वारा भ्रमण किया जाता था।

वर्ष 2020 में केरलापाल क्षेत्र से एओबी लीडर उदय द्वारा मलंगेर एरिया कमेटी में शामिल किया गया। जहां करीब 6 माह इसके द्वारा कार्य किया गया, उसके पश्चात् कांगेरवेली एरिया कमेटी सचिव पण्डरू उर्फ संजू इसे अपने साथ लाकर कांगेरवेली एरिया कमेटी में सदस्य के रूप में शामिल किया। इसके अलावा यह संजू का गनमेन ड्यूटी भी अब तक करता रहा।

वर्ष 2019 में नक्सली संगठन में शामिल होने के पश्चात् से यह अपने गृहग्राम मेटापाल नहीं गया था। नक्सलियों द्वारा विचार धाराओं से हटकर किये जा रहे जघन्य अपराधों, विकास विरोधी नीति खोखली विचार धाराओं से काफी वर्षों तक त्रस्त था।

बस्तर जिले में संचालित किये जा रहे कम्युनिटी पुलिसिंग आमचो बस्तर, आमचो पुलिस कार्यक्रमों के दौरान छग शासन की पुर्नवास नीति के तहत आत्मसमर्पित को मिलने वाले लाभों के संबंध में क्षेत्र में किये जा रहे प्रचार-प्रसार एवं माओवादियों के बहकावे में आकर भटके युवक युवतियों को समाज की मुख्यधारा से जुडऩे हेतु की जा रही अपील से प्रभावित होकर स्वेच्छापूर्वक आत्मसमर्पण किया गया है।

आत्मसमर्पण के पश्चात् छग पुनर्वास नीति के तहत दी जाने वाली 10,000/- रूपये का प्रोत्साहन राशि शासन द्वारा दिया गया। भविष्य में अन्य सुविधाओं का लाभ भी दिया जाएगा।


अन्य पोस्ट