बस्तर

गोल बाजार जगदलपुर परिसर में संचालित दुकानों की सर्वे सूची तैयार
28-Jun-2021 9:19 PM
गोल बाजार जगदलपुर परिसर में संचालित दुकानों की सर्वे सूची तैयार

   जीर्ण-शीर्ण दुकानों के स्थान पर नवीन व्यवसायिक परिसर का निर्माण प्रस्तावित    

जगदलपुर, 28 जून। जगदलपुर शहर के मध्य सदर वार्ड क्रमांक-10 में स्थित गोलबाजार परिसर में अत्यधिक पुरानी एवं जीर्ण-शीर्ण हो चुके दुकानों के स्थानों पर प्रस्तावित नवीन व्यवसायिक परिसर के निर्माण के लिए इस स्थान पर वर्तमान में संचालित दुकानों का सर्वे सूची तैयार की गई है।

आयुक्त नगर निगम प्रेम कुमार पटेल ने बताया कि कलेक्टर रजत बंसल के निर्देशानुसार नगर पालिका निगम नजूल एवं लोक निर्माण के संयुक्त दल द्वारा जांच के उपरांत सर्वे सूची तैयार किया गया है। तैयार की गई सर्वे सूची के अनुसार इस स्थान पर छोटी-बड़ी कुल 107 दुकानों के अलावा 6 खुला शेड भी है, जिसमें कुल 26 छोटे व्यवसायी पैन्सी स्टोर्स मनिहारी का व्यापार करते हैैं।

श्री पटेल ने बताया कि सर्वे सूची को अवलोकन हेतु नगर पालिका निगम जगदलपुर के सूचना पटल, गोल बाजार परिसर, तहसील कार्यालय जगदलपुर एवं कलेक्टोरेट जगदलपुर के सूचना पटल पर चस्पा किया गया है। गोल बाजार परिसर में व्यवसाय करने वाले  व्यक्ति /व्यापारी जिनका नाम प्रकाशित सर्वे सूची में छूट गया हो अथवा किसी का नाम जो अवैध अंकित हो या इस संबंध में किसी प्रकार दावा आपत्ति 12 जुलाई तक नगर निगम जगदलपुर के आवक जावक-शाखा में प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के पश्चात किसी भी प्रकार की दावा-आपत्ति स्वीकार नहीं किया जाएगा।

 


अन्य पोस्ट