बस्तर

कांग्रेस ने भाजपा कार्यालय में सुनियोजित हमला किया-किरण देव
24-Jun-2021 9:16 PM
कांग्रेस ने भाजपा कार्यालय में सुनियोजित हमला किया-किरण देव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
जगदलपुर, 24 जून।
भाजपा प्रदेश महामंत्री किरणदेव ने कहा है कि भाजपा का प्रदेश में 15 वर्ष लगातार शासन था, इस दौरान भाजपा के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय के समक्ष कभी भी प्रदर्शन नहीं किया, कोई भी बडी़ घटना नहीं घटी। इसके उलट ढाई साल के शासन में कांग्रेस द्वारा धरना प्रदर्शन का षडय़ंत्र रच कर भाजपा कार्यालय में हमला किया जाता है, तोडफ़ोड़ मचायी जाती है, अपशब्द उछाले जाते है। इतनी बडी़ वारदात के बाद भी भाजपा के कार्यकर्ता संयमित व अनुशासित थे। जवाब में भाजपा ने कांग्रेस कार्यालय का न तो घेराव किया गया, न ही अपशब्दों का इस्तेमाल किया। जनता सब देख रही है और कांग्रेस की कारगुजारियों का जवाब उन्हें जनता देगी।

अपने जारी बयान में भाजपा प्रदेश महामंत्री किरणदेव ने कहा कि अगर यही कृत्य भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया होता तो यही कांग्रेस उनको जेल की सलाखों के पीछे डाल देती। भाजपा कार्यालय में सुनियोजित हमले की घटना शर्मसार करने वाली है। इस कृत्य के सभी वीडियो फुटेज में स्पष्ट रूप से परिलक्षित होता है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय में आक्रमण किया है।

श्री देव ने कहा कि सत्ता का दुरुपयोग कर कांग्रेस द्वारा लगातार भाजपा कार्यकर्ताओं के विरूद्ध पुलिस में मामले दर्ज किये जा रहे हैं व दबाव बनाने की नाकाम कोशिशें कर रही है। भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस सरकार के घोषणा पत्र को लेकर जनता के बीच निरंतर पहुँच रही है। यह जनजागरण अभियान अनवरत जारी रहेगा। विपक्ष होने के नाते सरकार की नाकामियों को जनता के सम्मुख लाने का कार्य नहीं थमेगा।

किरणदेव ने कहा कि भाजपा आज विश्व का सबसे बडा़  दल है, अनुशासित राजनीतिक संगठन है। भाजपा के कार्यकर्ता पूरे मनोबल के साथ देश व जनसेवा के कार्य के लिये कटिबद्ध हैं। कांग्रेस के कृत्यों का जवाब प्रदेश की जनता आने वाले समय में अवश्य देगी।


अन्य पोस्ट