बस्तर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
जगदलपुर, 17 जून। नए शैक्षणिक सत्र के प्रथम दिवस पर बस्तर जिले के विभिन्न विद्यालयों में प्रवेशोत्सव उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान जिला मिशन समन्वयक अशोक पाण्डे एवं सहायक कार्यक्रम अधिकारी परमेश्वर पाण्डे ने विकासखंड तोकापाल, लोहण्डीगुड़ा और बस्तर के स्कूलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था, मध्याह्न भोजन संचालन तथा विद्यालयों में चल रहे प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का अवलोकन किया। निरीक्षण में विकासखंड बस्तर एवं तोकापाल के 8 शिक्षक एवं संकुल समन्वयक अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही करते पाए गए, जिसके चलते उन्हें कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संबंधित शिक्षकों एवं संकुल समन्वयकों से संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होने की स्थिति में एक दिवस के वेतन कटौती की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रबंधन को मध्याह्न भोजन का नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण संचालन सुनिश्चित करने, शिक्षकों को डेली डायरी नियमित रूप से लिखने तथा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की समय पर उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली का अनिवार्य रूप से पालन करने पर भी जोर दिया गया।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने कहा कि शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार और विद्यालयों में अनुशासन बनाए रखने के लिए इस प्रकार के निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे।


