बस्तर
तस्वीर/ ‘छत्तीसगढ़’/हरजीत सिंह पप्पू।
आत्मनिर्भरता की पहचान होती जा रही विलुप्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 5 जुलाई। बस्तर की पहचान यहां की आदिम संस्कृति और प्रकृति के साथ जुड़ाव से है। लेकिन, बदलते दौर के साथ अब यहां की जीवनशैली में भी बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। मानसून के आते ही बस्तर के जंगलों में कभी सरगी के पत्तों और बांस की खपचियों से तैयार की जाने वाली पारंपरिक छतरी (छाता) गर्व से तनी दिखती थी, लेकिन अब इन छतरियों की जगह रंग-बिरंगे और सस्ते चाइनीज छातों ने ले ली है।
आत्मनिर्भर बस्तर का एक अध्याय हुआ खत्म
बस्तर के ग्रामीणों के लिए पहले छाता केवल बारिश से बचने का साधन नहीं था, बल्कि यह उनके हुनर की मिसाल था। ग्रामीण साल भर बांस को सुखाकर और साल (सरगी) के पत्तों को सहेजकर बेहतरीन जल-रोधी छतरियां बुनते थे। ये छतरियां न केवल टिकाऊ होती थीं, बल्कि पूरी तरह से इको-फ्रेंडली (पर्यावरण के अनुकूल) भी थीं। खेती-किसानी के दौरान ये छतरियां किसानों की सबसे बड़ी साथी हुआ करती थीं।

बाजारवाद ने ली संस्कृति की जगह
आज जब हम ग्रामीण अंचलों में जाते हैं, तो खेतों की मेड़ों पर प्लास्टिक और सिंथेटिक कपड़े वाले छाते ही नजर आते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि प्लास्टिक के छाते बाजार में बहुत सस्ते और आसानी से उपलब्ध हो जाते हैं, जबकि पारंपरिक छत्री बनाने में समय और श्रम अधिक लगता है। बाजार की इस चमक-धमक के बीच ग्रामीणों की स्थानीय कारीगरी की कला धीरे-धीरे दम तोड़ रही है।
विरासत बचाने की चुनौती
संस्कृति विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय रहते इस कला के संरक्षण के लिए प्रयास नहीं किए गए, तो आने वाली पीढिय़ां अपनी इस समृद्ध विरासत को केवल पुरानी तस्वीरों में ही देख पाएंगी।