बस्तर
पुलिस की दखल के बाद मामला सुलझा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 12 मई। बस्तर जिले के टाकरागुड़ा ग्राम पंचायत में मतांतरित एक ग्रामीण के अंतिम संस्कार को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। मामला बड़ाजी थाना क्षेत्र के बेलर टाकरागुड़ा के झीटकापारा का है।
जानकारी के अनुसार मृतक पंडरी नाग, जो माडिय़ा समुदाय से थे, पिछले कुछ वर्षों से ईसाई धर्म का पालन कर रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार मृतक का अंतिम संस्कार ईसाई रीति से गांव के मुक्तिधाम में किए जाने की तैयारी की जा रही थी, जिसका कुछ ग्रामीणों ने विरोध किया। ग्रामीणों ने शव को ईसाई कब्रिस्तान में दफनाने की मांग की। बाद में मंगलवार को पुलिस हस्तक्षेप के बाद शव का अंतिम संस्कार जगदलपुर ईसाई कब्रिस्तान में किया गया।
ग्राम पुजारी ने कहा कि गांव में पारंपरिक रीति-रिवाजों और पूजा पद्धतियों का पालन किया जाता है। उनका आरोप है कि कुछ लोग गांव की परंपराओं से अलग आचरण कर रहे हैं, जिससे विवाद की स्थिति बनती है।
ग्राम पंचायत के सरपंच बंगाराम बघेल ने कहा कि ग्राम सभा में पारित नियमों और न्यायालय के निर्देशों के अनुसार अलग-अलग समुदायों के लिए निर्धारित कब्रिस्तानों में अंतिम संस्कार किया जाता है। बजरंग दल के विभाग संयोजक सिकंदर कश्यप ने ईसाई मिशनरियों पर धर्मांतरण और अन्य गतिविधियों के आरोप लगाए। विश्व हिंदू परिषद के जिला सह मंत्री घनश्याम नाग ने भी मिशनरियों की गतिविधियों पर आपत्ति जताई। बजरंग दल के सह संयोजक योगेश रैली ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और बाहरी लोगों की जानकारी पुलिस को देने की अपील की। मौके पर ग्राम पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद थे।


