बस्तर

सहकारिता का विकास प्रशिक्षित नेतृत्व से ही संभव-डॉ. उषा
24-Apr-2026 5:56 PM
सहकारिता का विकास प्रशिक्षित नेतृत्व से ही संभव-डॉ. उषा

लेंपस पदाधिकारियों का नेतृत्व एवं क्षमता विकास प्रशिक्षण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 24 अप्रैल।
छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी संघ मर्यादित रायपुर के निर्देशानुसार बस्तर जिले में लेंपस (पैक्स ) पदाधिकारियों के लिए नेतृत्व एवं क्षमता विकास पर प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण राज्य के विभिन्न संभागों में संचालित श्रृंखला का हिस्सा है।

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, जगदलपुर से संबद्ध बस्तर जिले के 52 लेंपस के प्राधिकृत अधिकारियों ने इस प्रशिक्षण में भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन सहकारी प्रशिक्षण केंद्र रायपुर एवं संभागीय कार्यालय जगदलपुर द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत राज्य सहकारी संघ के प्रतिनिधि रंजीत पांडे (भाजपा प्रदेश सहकारिता प्रकोष्ठ के सहसंयोजक) एवं मनोहर दत्त तिवारी (पूर्व संचालक, राज्य सहकारी संघ एवं जिला संयोजक, सहकारिता प्रकोष्ठ भाजपा) की गरिमामयी उपस्थिति में हुई।

रंजीत पांडे ने कहा कि प्रशिक्षित पदाधिकारी न केवल संस्था के विकास के लिए आवश्यक हैं, बल्कि सहकारिता आंदोलन को जन-आंदोलन बनाने में भी उनकी अहम भूमिका होती है। उन्होंने
इफको और कृभको जैसी सफल संस्थाओं का उदाहरण देते हुए बताया कि उनकी सफलता के पीछे पदाधिकारियों की समझ, समर्पण और निरंतर प्रयास है। उन्होंने विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में लेंपस संस्थाओं और किसानों के सशक्तिकरण पर जोर दिया। वहीं मनोहर दत्त तिवारी ने कहा कि सरकार द्वारा प्राधिकृत अधिकारियों का चयन श्रेष्ठ व्यक्तियों में से किया गया है।

उन्होंने पदाधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे भारत सरकार की ‘सहकार से समृद्धि’ योजना को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं, जिससे गांव, गरीब और किसानों का विकास सुनिश्चित हो सके।
समापन अवसर पर जिला उप आयुक्त सहकारिता डॉ. उषा ध्रुव ने कहा कि सहकारिता का विकास प्रशिक्षित नेतृत्व से ही  संभव है। उन्होंने प्रशिक्षण को ज्ञानवर्धक और उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे पदाधिकारियों की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. उषा ध्रुव एवं अतिरिक्त प्रबंधक एस.ए. रजा द्वारा प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
प्रशिक्षण सत्र में विवेकानंद झा, विवेक पांडे एवं मितेश पाणिग्रही ने सहकारिता के सिद्धांत, महत्व, ‘सहकार से समृद्धि’ अभियान तथा राष्ट्रीय सहकारी नीति 2025 पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं  इफको के सहायक क्षेत्रीय अधिकारी वैभव पांडे ने इफको और लेंपस संस्थाओं के आपसी संबंध पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्राथमिक संस्थाओं का योगदान इफको की वैश्विक सफलता में महत्वपूर्ण रहा है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक जगदलपुर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी संघ, जगदलपुर के स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


अन्य पोस्ट