बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 20 मार्च। थाना नगरनार क्षेत्र में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद नावेद उर्फ नाजिम को 17 मार्च को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पूर्व में दर्ज एक मामले से जुड़ी है, जिसमें 27 अक्टूबर 2025 को आरोपी मुराद साह को गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से 73.080 किलोग्राम गांजा (लगभग 7.30 लाख रुपये कीमत) बरामद किया गया था। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त ट्रक, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री सहित कुल लगभग 17.43 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया था।
जांच के दौरान मुराद साह ने खुलासा किया था कि गांजा ओडिशा से लाने के लिए उसे मोहम्मद नावेद उर्फ नाजिम द्वारा रकम दी गई थी। इसी आधार पर पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम को राजस्थान भेजा गया, जहां से आरोपी को पकडक़र बस्तर लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने गांजा मंगवाने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आगे भी अन्य संलिप्त व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।


