बस्तर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
जगदलपुर, 13 फरवरी। जगदलपुर शहर के बोधघाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध नशीली दवाओं के कारोबार का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में 14 लाख रुपये मूल्य की नशीली कैप्सूल जब्त की गई है।
बोधघाट थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के अनुसार, 12 फरवरी की शाम मुखबिर से सूचना मिली कि गंगामुंडा चौपाटी के पास एक युवक अवैध नशीली कैप्सूल बिक्री के लिए खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर नरेंद्र सिंह ठाकुर (निवासी भवानी चौक) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 84 पत्तों में कुल 672 नग नशीली कैप्सूल (वजन लगभग 450 ग्राम) बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 2.68 लाख रुपये बताई गई है।
ओडिशा से हो रही थी सप्लाई
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उक्त दवाएं नबरंगपुर (ओडिशा) के एक मेडिकल स्टोर संचालक से अवैध रूप से खरीदकर जगदलपुर में बेचता था। इसके आधार पर पुलिस टीम ओडिशा रवाना हुई और संबंधित मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई की।
पुलिस ने वुन्ना रामाकृष्णा राव, निवासी नबरंगपुर, को हिरासत में लिया। मेडिकल स्टोर के पीछे बने कमरे से 12 डिब्बों में रखे 356 पत्तों (कुल 2,848 नग, वजन लगभग 1.9 किलोग्राम) नशीली कैप्सूल जब्त किए गए, जिनकी कीमत करीब 11.39 लाख रुपये आंकी गई है।
न्यायालय में पेश
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। उन्हें विशेष न्यायालय (एनडीपीएस) में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है, ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी सामने आ सके।


