बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 4 फरवरी। सुकमा जिले के दोर्नापाल क्षेत्र अंतर्गत देवरपल्ली में केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल सीआरपीएफ की 131 बटालियन के नव-निर्मित यूनिट मुख्यालय का उद्घाटन बुधवार को विधिवत रूप से किया गया।
उद्घाटन समारोह में उप महानिरीक्षक परिचालन सुकमा आनंद सिंह राजपुरोहित तथा सुकमा के पुलिस अधीक्षक किरण जी. चव्हाण मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथियों ने नए यूनिट मुख्यालय का उद्घाटन करने के साथ ही उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों को संबोधित किया।
अपने संबोधन में अधिकारियों ने क्षेत्र में आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने में सीआरपीएफ की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि नए यूनिट मुख्यालय के शुरू होने से परिचालन व्यवस्था, प्रशासनिक समन्वय और कार्मिकों के कल्याण से जुड़े कार्य और अधिक मजबूत होंगे।
कार्यक्रम में बटालियन के कमांडेंट दीपक कुमार साहू सहित सीआरपीएफ के सुकमा और कोण्टा रेंज के कमांडेंट, अन्य वरिष्ठ अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी तथा जवान मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि नए यूनिट मुख्यालय से क्षेत्र में तैनात बल को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं और परिचालन समर्थन मिलेगा, जिससे बल अपने दायित्वों का निर्वहन अधिक प्रभावी ढंग से कर सकेगा। कार्यक्रम का समापन बल की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और राष्ट्र सेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराते हुए किया गया।


