बस्तर

नकली पिस्तौल दिखा पेट्रोल पंप में लूट, आरोपी महाराष्ट्र से बंदी
25-Apr-2026 10:48 PM
नकली पिस्तौल दिखा पेट्रोल पंप में लूट, आरोपी महाराष्ट्र से बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 25 अप्रैल। नगरनार थाना क्षेत्र में फरवरी में हुए पेट्रोल पंप लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। मामले में एक आरोपी को महाराष्ट्र के अलीबाग से गिरफ्तार किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 6 फरवरी की शाम करीब 7 बजे धनपुंजी स्थित पेट्रोल पंप में कार्यरत महिला स्टाफ को एक युवक ने नकली पिस्तौल दिखाकर डराया-धमकाया और बैग में रखी 18,662 रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गया था। इस संबंध में 23 मार्च को प्रार्थी जतीन यादव द्वारा थाना नगरनार में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीम गठित कर जांच शुरू की गई। साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन महाराष्ट्र के अलीबाग में मिली, जिसके बाद पुलिस टीम वहां पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान साजन उर्फ संजन कुमार  निवासी सीतामढ़ी (बिहार), वर्तमान में अलीबाग (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने लूट की वारदात कबूल कर ली।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट की रकम में से 5100 रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (सीजी 17 केएक्स 7087) और एक वीवो मोबाइल फोन बरामद किया है।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने वारदात में जिस मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया था, उसे उसने पहले थाना कोतवाली जगदलपुर क्षेत्र से चोरी किया था। चोरी के इस मामले में भी आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

दोनों मामलों में आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम और साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


अन्य पोस्ट