बस्तर

बस्तर सांसद और चित्रकोट विधायक ने किया मुरिया समाज भवन का भूमिपूजन
24-Apr-2026 10:49 PM
बस्तर सांसद और चित्रकोट विधायक ने किया मुरिया समाज भवन का भूमिपूजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 24 अप्रैल। तोकापाल ब्लॉक के ग्राम पंचायत केशलुर में मुरिया समाज भवन के निर्माण हेतु विधिवत भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं मुरिया समाज के प्रमुख पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

भूमिपूजन कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप एवं चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने मुरिया समाज को बधाई देते हुए कहा कि यह भवन समाज के लोगों के लिए एक सशक्त मंच के रूप में कार्य करेगा, जहां सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारंपरिक गतिविधियों का आयोजन किया जा सकेगा।

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि समाज भवन जैसे संरचनाएं न केवल सामाजिक एकजुटता को मजबूत करती हैं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों को अपनी परंपराओं और संस्कृति से जोडऩे में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेंगे।

विधायक विनायक गोयल ने कहा कि मुरिया समाज भवन के निर्माण से स्थानीय लोगों को विभिन्न कार्यक्रमों, बैठकों एवं सामाजिक आयोजनों के लिए एक सुसज्जित स्थान उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि यह भवन समाज के युवाओं को भी एक सकारात्मक दिशा देने में सहायक होगा और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देगा।

कार्यक्रम में मुरिया समाज के प्रमुखों एवं पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और इस पहल के लिए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से समाज भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जो अब साकार होने जा रही है। इससे समाज के लोगों को एक स्थायी स्थान मिलेगा जहां वे अपने सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर सकेंगे।

भूमिपूजन के दौरान पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना की गई, जिसमें समाज के वरिष्ठजनों की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं समाज के सदस्य उपस्थित रहे, यह मुरिया समाज भवन भविष्य में केशलुर क्षेत्र के सामाजिक एवं सांस्कृतिक जीवन का केंद्र बनेगा और समाज के लोगों के बीच आपसी सहयोग, संवाद एवं एकता को और अधिक सुदृढ़ करेगा।


अन्य पोस्ट