बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 24 अप्रैल। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य की अध्यक्षता में राजीव भवन, जगदलपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में पीसीसी प्रवक्ता शिल्पा देवांगन ने महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े मुद्दों पर पार्टी का पक्ष रखा।
शिल्पा देवांगन ने कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण के समर्थन में रही है और है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा यह कहा जा रहा है कि विपक्ष ने महिला आरक्षण का समर्थन नहीं किया, जबकि उनके अनुसार ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023’ संसद के दोनों सदनों से पारित हो चुका है और इस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की मंजूरी भी मिल चुकी है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 16 अप्रैल 2026 को प्रस्तुत 131वें संविधान संशोधन विधेयक का संबंध महिला आरक्षण से नहीं था, बल्कि इसमें परिसीमन और केंद्र शासित प्रदेशों से जुड़े प्रावधान शामिल थे। उनके अनुसार, इस विधेयक में लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने और 2011 की जनगणना को आधार बनाने का प्रस्ताव था।
देवांगन ने कहा कि कुछ राज्यों ने परिसीमन के प्रस्ताव पर आपत्ति जताई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब नई जनगणना की प्रक्रिया चल रही है, तो उसके आंकड़ों का इंतजार क्यों नहीं किया जा रहा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि सरकार चाहे तो मौजूदा सदस्य संख्या में ही संशोधन कर महिला आरक्षण लागू किया जा सकता है।
उन्होंने पंचायत और नगरीय निकायों में महिलाओं को आरक्षण देने का श्रेय कांग्रेस की नीतियों को दिया और पूर्व प्रधानमंत्रियों द्वारा लाए गए विधेयकों का उल्लेख किया।
प्रेसवार्ता में उपनेता प्रतिपक्ष कोमल सेना, महामंत्री अभिषेक नायडू, अनुराग महतो, सुनीता सिंह, सुषमा सुता, जावेद खान, एस. नीला और अफरोज बेगम सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


