बस्तर

नशीली दवा जब्त, 3 आरोपी गिरफ्तार
26-Apr-2026 10:02 PM
नशीली दवा जब्त, 3 आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 26 अप्रैल। बस्तर पुलिस ने जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बोधघाट थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया नयामुंडा में की गई, जहां आरोपी अवैध नशीली कैप्सूल बेचने की फिराक में थे।

पुलिस को 24 अप्रैल की शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन युवक एक स्कूटी (क्रमांक सीजी 17 केवाय 1560) में प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में टीम गठित कर मौके पर रेड की गई।

रेड के दौरान पुलिस ने तीन संदिग्धों को पकड़ा, जिन्होंने पूछताछ में अपना नाम सुजीत विश्वकर्मा, सुरेश कुमार नाग  और लोकेश्वर राव  बताया। तलाशी के दौरान उनके पास से 60 पत्तों में कुल 480 नग प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 1,92,000 रुपये आंकी गई है। साथ ही 680 रुपये नकद भी जब्त किए गए।

आरोपियों के पास उक्त मादक पदार्थ रखने एवं बिक्री करने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए जाने पर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत मामला दर्ज किया गया। तीनों आरोपियों को 26 अप्रैल को गिरफ्तार कर विशेष एनडीपीएस न्यायालय जगदलपुर में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट