बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 4 फरवरी। शहर के दंतेश्वरी वार्ड में बीती रात पति ने आपसी विवाद में अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद खुद ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही बोधघाट पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग ने बताया कि बैलाबाजार, दंतेश्वरी वार्ड निवासी 75 वर्षीय तारासिंह और उनकी पत्नी 70 वर्षीय विजय वीर के बीच बीती रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार रात में दोनों के बीच बहस होने के बाद वे सोने चले गए थे।
पुलिस अधिकारी के अनुसार रात लगभग 2 बजे फिर से दोनों के बीच विवाद होने की सूचना मिली।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गुस्साए तारासिंह ने घर में रखे हुए नारियल काटने वाले औजार से पत्नी पर हमला करना शुरू कर दिया, जहाँ बीचबचाव के दौरान महिला को कई जगह चोट लगने के साथ ही गंभीर चोट आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, घटना के बाद आरोपी ने खुद ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी सुबह उनके बेटे ने आसपास के लोगों और पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुँची और आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की। फोरेंसिक टीम द्वारा भी साक्ष्य एकत्र किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में लोग एकत्र हो गए। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।


