बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 2 फरवरी। बोधघाट पुलिस ने शहर में युवाओं को गांजा सप्लाई करने वाली एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी नंदनी कश्यप जगदलपुर है। आरोपी के कब्जे से कुल 6.09 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 3,04,750 रुपये बताई गई है, जब्त किया गया है। आरोपी पहले भी एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में जेल जा चुकी है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 1 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नंदनी कश्यप अपने घर में गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रही है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी बोधघाट लीलाधर राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश देकर तलाशी ली, जहां काले रंग के बैग में सेलो टेप से लिपटे पांच पैकेट में गांजा बरामद हुआ। आरोपी द्वारा मादक पदार्थ रखने एवं बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने परएनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को 02 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर विशेष एनडीपीएस न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


