बस्तर
बेटे पर मामला दर्ज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 21 दिसंबर। बस्तर जिले के कोड़ेनार थाना क्षेत्र के बास्तानार में पिता और पुत्र के बीच हुए विवाद में पुत्र ने पिता के ऊपर लकड़ी से वार कर दिया। इस घटना में घायल को बेहतर उपचार के लिए मेकाज ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान पिता ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मामले की जानकारी देते हुए कोड़ेनार थाना प्रभारी अमित ने बताया कि बास्तानार निवासी मोटे गावड़े ने थाने में आकर जानकारी दी कि उसके पुत्र असलू गावड़े व पिता जोगो गावड़े के बीच शराब पीने की बात को लेकर आये दिन विवाद होते रहता था, वहीं शनिवार को भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जहां गुस्से में आकर बेटे ने घर में रखे एक लकड़ी को उठाकर पिता के सिर पर दे मारा, जिससे जोगो गावड़े बेहोश हो गया।
घटना की जानकारी अपने रिश्तेदारों से लेकर अपनी माँ को भी दी। घायल को बेहतर उपचार के लिए मेकाज में भर्ती किया गया, जहाँ उपचार के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, वहीं शव को पीएम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।


