बस्तर

सवा दो लाख दीयों की रोशनी से जगमगाया दलपत सागर
12-Nov-2022 9:50 PM
सवा दो लाख दीयों की रोशनी से जगमगाया दलपत सागर

दलपत सागर के स्वर्णिम इतिहास के गवाह बने जगदलपुरवासी

जगदलपुर, 12 नवंबर। शनिवार की शाम जगदलपुर का दलपत सागर लगभग सवा दो लाख दीयों की रोशनी से जगमगा उठा। नगर निगम प्रशासन व जिला प्रशासन की पहल पर नगर वासियों, जनप्रतिनिधियों व  विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग  से दलपत सागर के संरक्षण के लिए आयोजित इस कार्यक्रम के लिए लोगों से दान में दीपक, तेल और बातियाँ ली गई थीं। स्वच्छ जगदलपुर के संकल्प पर दीपोत्सव के इस कार्यक्रम को लेकर शहर के सभी वर्गों में गजब का उत्साह देखने को मिला और पूरे दलपत सागर के आसपास मेले से माहौल बन गया। बच्चे से लेकर बूढ़े तक सभी जाति-सम्प्रदाय और आय वर्ग के लोगों की सहभागिता से यहां का उत्साह और भी अधिक बढ़ गया, वहीं रानी घाट में पूजा अर्चना के बाद एक साथ सवा दो लाख दीयों की रोशनी में दलपत सागर की सुंदरता भी कई गुना बढ़ गई। इस दौरान दलपत सागर के किनारों के साथ ही दलपत सागर की पानी मे छोड़े गए दोनों में जलते दीपक और आसमान में छोड़े गए गुब्बारों में दियों की रोशनी जल-थल और नभ को रोशनी से भर दिया। दलपत सागर के आसपास दीप उत्सव पर जमकर आतिशबाजी भी की गई,जिससे पूरा माहौल उल्लासमय हो गया, दीपोत्सव के कार्यक्रम में संसदीय सचिव रेखचंद जैन,  पद्मश्री  धर्मपाल सैनी, महापौर श्रीमती सफीरा साहू, नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती कविता साहू, कमिश्नर श्याम धावड़े, पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी, कलेक्टर चंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मीणा,  नगर निगम आयुक्त दिनेश कुमार नाग  सहित जनप्रतिनिधियों ने पूजा अर्चना कर दीपोत्सव के कार्यक्रम का शुभारंभ किया। महापौर श्रीमती सफीरा साहू ने कहा कि आज यहां सवा दो लाख दीए जलाए जा रहे हैं। उन्होंने इस आयोजन के लिए युवोदय के स्वयंसेवक, राजीव युवा मितान क्लब के सदस्य सहित विभिन्न संगठनों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नगर निगम की अध्यक्ष श्रीमती कविता साहू, पद्मश्री धर्मपाल सैनी, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष संजय पांडे, स्थानीय पार्षद योगेन्द्र पांडे ने भी संबोधित किया।

दलपत सागर में आयोजित तैयारी का अवलोकन प्रभारी मंत्री कवासी लखमा ने भी किया। इस अवसर पर उनके साथ सांसद दीपक बैज भी उपस्थित थे। उन्होंने इस आयोजन को बस्तरवासियों के जल और प्रकृति के प्रति प्रेम और आस्था का अनुपम उदाहरण बताते हुए इसकी प्रशंसा की।


अन्य पोस्ट