बस्तर

कांग्रेस शराबबंदी से मुकरी तो युवा मोर्चा ने किया पुतला दहन
12-Nov-2022 9:33 PM
कांग्रेस शराबबंदी से मुकरी तो युवा मोर्चा ने किया पुतला दहन

छत्तीसगढ़ की जनता से कांग्रेस ने  किया छल- अविनाश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
जगदलपुर, 12 नवंबर।
वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने हाथ में गंगाजल लेकर घोषणा पत्र जारी किया था कि कांग्रेस सरकार बनते ही वह छत्तीसगढ़ राज्य में पूर्ण शराबबंदी करेगी। कांग्रेस सरकार के आने के बाद आज भी लंबे अंतराल तक कांग्रेस सरकार शराबबंदी को लेकर चुप्पी साधी हुई है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में छत्तीसगढ़ कांग्रेस सरकार के आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने यह बयान दिया कि छत्तीसगढ़ में शराबबंदी अब नहीं होगी, शराबबंदी को लेकर अभी भी सरकार द्वारा समीक्षा की जा रही है। इस बयान के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला बस्तर ने आक्रोश स्वरूप कड़े शब्दों में निंदा करते हुए आबकारी मंत्री कवासी लखमा का गोल बाजार जगदलपुर चौक में पुतला दहन किया।

इस  दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अविनाश श्रीवास्तव ने कहा कि कवासी लखमा ने खुले तौर पर शराबबंदी न होने की बात स्वीकार कर कांग्रेस का असल चेहरा उजागर कर दिया। कांग्रेस पार्टी ने चुनाव के दौरान घोषणा पत्र पर प्रमुख रूप से कहा था कि सरकार आते ही छत्तीसगढ़ राज्य में पूर्ण शराबबंदी कर दिया जाएगा, लेकिन आज तक शराबबंदी छत्तीसगढ़ राज्य में नहीं हो पाया है, इससे ऐसा प्रतीत होता है कांग्रेस पार्टी सत्ता को प्राप्त करने लिए छत्तीसगढ़ की जनता के साथ वादाखिलाफी कर एक बहुत बड़ा छल किया है।

आगे कहा कि आज छत्तीसगढ़ के युवा शराब की लत में पढ़ चुके हैं, छत्तीसगढ़ के शहर-गांव की गलियों में भी शराब की बिक्री तेजी से की जा रही है। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार शराबबंदी तो दूर शराब के बिचौलियों बेच रहे शराब को भी नहीं रोक पा रही है। शराबबंदी के वादों से कांग्रेस पार्टी ने राज्य की जनता के साथ विश्वासघात किया है।

उन्होंने आगे कहा कि  जनता ने विश्वास कर कांग्रेस को प्रचंड बहुमत से सत्ता दिया था, लेकिन सत्ता के आने के बाद भूपेश बघेल की कांग्रेस सरकार सत्ता के नशे में मदमस्त हो चुकी है और छत्तीसगढ़ की जनता इस सरकार से त्रस्त हो रही है।
अविनाश ने कहा कि कांग्रेस सरकार अब आबकारी विभाग के ही भरोसे है, शराब से सरकार को जो आमदनी हो रही है उन पैसों को अन्य राज्यों के चुनाव में कांग्रेस पार्टी द्वारा व्यय किया जा रहा है, वहीं छत्तीसगढ़ राज्य की आर्थिक स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। कांग्रेस सरकार को इन परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है।

इस पुतला दहन में संजय उपाध्याय, प्रकाश झा, अतुल कौशल, लक्ष्मण झा, मनोज पटेल, आनंद झा, अभिषेक तिवारी, शेखर शर्मा, गणेश नागवंशी, महेंद्र सेठिया, आलेखराज तिवारी, देवेश चांडक, उपेंद्र भदौरिया, हरीश पारेख, आदर्श ठाकुर, विकास पात्रों सहित युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट