बस्तर

समस्याओं के निराकरण का आश्वासन, कलेक्टर का माना आभार
10-Mar-2022 5:11 PM
समस्याओं के निराकरण का आश्वासन, कलेक्टर का माना आभार

जगदलपुर, 10 मार्च। कलेक्टर रजत बंसल के निर्देशानुसार जिला प्रशासन की तत्परता से विस्थापन के बाद अपने ठौर-ठिकाने के लिए चिंता ग्रस्त रेलवे जमीन पर काबिज जगदलपुर शहर के संजय गांधी वार्ड वासियों की चिंताएं अब दूर होने लगी है। संजय गांधी वार्ड के बड़ी संख्या में महिलाओं ने कलेक्टर रजत बंसल से कलेक्टोरट जगदलपुर स्थित उनके कक्ष में भेंटकर उनके समस्याओं के निराकरण हेतु त्वरित कार्रवाई करने के लिए हृदय से धन्यवाद देते हुए आभार माना।

महिलाओं ने कहा कि कलेक्टर श्री बंसल के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा हमारे समस्याओं के निराकरण हेतु पूरी संवेदनशीलता के साथ जिस तत्परता से कार्रवाई की जा रही है, वह वास्तव में काबिले-तारीफ है। उन्होंने कहा कि इससे हमें अपने सुखद भविष्य के लिए एक आशा की किरण नजर आ रही है।

उल्लेखनीय है कि रेलवे प्रशासन द्वारा रेलवे की जमीन पर काबिज शहर के संजय गांधी वार्ड वासियों के हटने के लिए नोटिस जारी किया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा इसे तुरंत संज्ञान में लेते हुए उनके पुनर्वास एवं अन्य समस्याओं के निराकरण करने हेतु उच्च अधिकारियों की टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्री बंसल ने वार्ड के महिलों को प्रभावित परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना की स्वीकृति एवं पेयजल तथा विद्युत संबंधित समस्याओं के निराकरण त्वरित कार्रवाई करने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने मौके पर उपस्थित एसडीएम जगदलपुर दिनेश नाग को शीघ्र संजय गांधी वार्ड में जाकर समस्याओं के निराकरण हेतु उचित कार्रवाई करने का निर्देश भी दिए।
 


अन्य पोस्ट