बस्तर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
जगदलपुर, 8 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर तोकापाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बेड़ागुड़ा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायक अभियान एक पेड़ माँ के नाम को साकार करते हुए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में वन विभाग, सीएससी विभाग, मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा ग्रामीणों ने मिलकर पौधरोपण किया। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जनभागीदारी को बढ़ावा देना और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना है।
ग्राम पंचायत बेड़ागुड़ा में आयोजित कार्यक्रम में वन विभाग के चित्रकोट रेंजर प्रकाश ठाकुर, डिप्टी रेंजर राजू मिश्रा एवं विभागीय कर्मचारियों की उपस्थिति रही। वहीं ग्राम पंचायत की सरपंच सोनादाई, उपसरपंच रैबारी बघेल, पंचायत के सभी दस वार्डों के पंचगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने का संकल्प भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए एक पेड़ माँ के नाम अभियान से प्रेरित होकर ग्रामीणों ने पौधे लगाए और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान पूरे ग्राम पंचायत क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह अभियान ग्राम पंचायत बेड़ागुड़ा में पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।


