बस्तर

शराब दुकानों में अनियमितताओं पर कांग्रेस का प्रदर्शन, अपर कलेक्टर को ज्ञापन
11-Jun-2026 3:26 PM
शराब दुकानों में अनियमितताओं पर कांग्रेस  का प्रदर्शन, अपर कलेक्टर को ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 11 जून। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को आबकारी विभाग तथा शासकीय शराब दुकानों में कथित रूप से हो रही गंभीर अनियमितताओं के खिलाफ अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की।

जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि जगदलपुर की शासकीय शराब दुकानों में शराब की बोतलें निर्धारित एमआरपी से अधिक कीमत पर बेची जा रही हैं। साथ ही कुछ कर्मचारियों द्वारा शराब में पानी अथवा अन्य पदार्थ मिलाकर बेचने की शिकायत भी सामने आई है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ग्राहकों को दी जाने वाली कई बोतलों में लीकेज की समस्या रहती है तथा ढक्कन ढीले पाए जाते हैं, जिससे उत्पाद की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

शहर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री जाहिद हुसैन ने आरोप लगाया कि कंगोली स्थित शासकीय शराब भट्टी से बड़ी मात्रा में ग्रामीणों को ब्लैक में शराब बेची जा रही है, जिससे अवैध शराब कारोबार को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि एक्सपायरी हो चुकी बीयर को बाजार में खपाया जा रहा है, जो आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि शराब दुकानों के संचालक और कर्मचारी ग्राहकों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं तथा कई बार गाली-गलौज तक की स्थिति बन जाती है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि आबकारी कार्यालय में ड्यूटी के दौरान कुछ कर्मचारी शराब का सेवन करते हैं, जो शासकीय नियमों का खुला उल्लंघन है।

कांग्रेस पदाधिकारियों ने सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारियों और दुकान संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी करने की भी मांग की गई।

इस अवसर पर महामंत्री अनुराग महतो, पार्षद शुभम यदू, लोकेश चौधरी, शहजाद हुसैन सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट