बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 3 मार्च। बस्तर जिला एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं के द्वारा ऑनलाइन परीक्षा की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद राज्यपाल, कुलपति शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय जगदलपुर बस्तर को ज्ञापन दिया।
एनएसयूआई का कहना है कि शैक्षणिक सत्र 2021-2022 में बढ़े कोरोना के प्रकोप को देखते हुए महाविद्यालयों का संचालन व पढ़ाई ऑनलाइन माध्यम से करवाई गई, परन्तु बस्तर एक आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है, यहाँ बहुत से छात्रों के पास ऑनलाइन पढ़ाई करने के लिए साधन उपलब्ध नहीं है, जिससे बहुत से छात्र-छात्राएं पढ़ाई से वंचित रहे और उनकी पढ़ाई पूरी नहीं हो पाई। इन परिस्थितियों के बीच अगर परीक्षा ऑफलाइन होने की स्थिति बनती है तो बहुत से छात्रों का भविष्य खराब हो सकता है, जिसके चलते सभी छात्रों की मांग है कि सेमेस्टर परीक्षा जिस तरह से ऑनलाइन माध्यम से संचालित की गई है, उसी तरह इस वर्ष की सालाना परीक्षा को भी ऑनलाइन माध्यम से करवाया जाए।
आगे कहा कि जब तक ऑनलाइन परीक्षा के विषय में कोई निर्णय नहीं आता, तब तक कॉलेजों में ऑफ़लाइन संचालित होने वाली मॉडल परीक्षा पर तत्काल प्रभाव से रोकने का आदेश जारी किया जाए।
उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द छात्र हित में छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए परीक्षा ऑनलाइन करने का आदेश जारी करने का निर्णय लिया जाए। अगर छात्र हित में 3 दिवस में कोई निर्णय नहीं लिया जाता है तो छात्रों के द्वारा धरना प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जवाबदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।


