बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर,16 अप्रैल। बलरामपुर जिले के राजपुर तहसील कार्यालय मुख्य मार्ग से शासकीय महाविद्यालय तक बनने वाली सीसी सडक़ एवं नाली निर्माण कार्य का सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने भूमिपूजन किया। लंबे समय से विद्यार्थियों और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा इस मार्ग के निर्माण की मांग की जा रही थी, जिसे स्वीकृति मिलने के बाद अब कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार यह निर्माण कार्य डीएमएफ (जिला खनिज न्यास निधि) मद से कराया जा रहा है। परियोजना के तहत 27 लाख 74 हजार रुपये की लागत से लगभग 397 मीटर लंबी सीसी सडक़ का निर्माण किया जाएगा, वहीं 16 लाख 65 हजार रुपये की लागत से करीब 300 मीटर नाली निर्माण की स्वीकृति दी गई है। इस निर्माण से महाविद्यालय आने-जाने वाले छात्रों एवं क्षेत्रवासियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने कहा कि कॉलेज की स्थापना हुए लगभग 12 वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अब तक इस मार्ग का विकास नहीं हो पाया था। उन्होंने पूर्व जनप्रतिनिधियों पर विकास कार्यों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है और क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे भी तेजी से जारी रखा जाएगा।
इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की अनुपस्थिति पर विधायक ने नाराजगी भी जाहिर की। उन्होंने मंच से ही एसडीएम और तहसीलदार के कार्यक्रम में उपस्थित नहीं रहने पर कड़ी फटकार लगाते हुए इसे अफसरशाही करार दिया और कहा कि इस प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने इस मामले में उच्च स्तर पर शिकायत करने की बात भी कही।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष विनय भगत ने शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) राजपुर को सामान्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था घोषित कर फिटर, कोपा, प्लंबर और वेल्डर जैसे ट्रेड शुरू करने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में वर्ष 1996 से संचालित इस संस्था में केवल विद्युतकार एवं स्टेनोग्राफी के दो ट्रेड में अनुसूचित जनजाति अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस पर विधायक ने संबंधित मंत्री से चर्चा कर आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।
वहीं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जीतन राम पैकरा ने कॉलेज परिसर में साइकिल स्टैंड निर्माण की मांग रखी, जिसे विधायक ने तत्काल स्वीकृति देते हुए निर्माण की घोषणा की।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह, जनपद अध्यक्ष विनय भगत, जनपद उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल, सरपंच सुषमा मरावी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया।
इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री संजय सिंह, विधायक प्रतिनिधि प्रवीण अग्रवाल, शिवनाथ जायसवाल, गौरी शंकर अग्रवाल, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष महेंद्र गुप्ता, उपसरपंच दीपेश गर्ग सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


