बलरामपुर

300 बोरी डीएपी खाद जब्त
21-May-2026 3:48 PM
300 बोरी डीएपी खाद जब्त

राजपुर, 21 मई। राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम नरसिंहपुर में दबिश देकर अवैध रूप से भंडारित 300 बोरी डीएपी खाद जब्त की है।

जानकारी के अनुसार ग्राम नरसिंहपुर में अवैध खाद भंडारण की सूचना मिलने पर एसडीएम राजपुर देवेंद्र प्रधान के निर्देश पर राजस्व और कृषि विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच के दौरान नरसिंहपुर निवासी बसंत जायसवाल, छत्रपाल एवं कमलावती जायसवाल के मकान में 100-100 बोरी डीएपी खाद, कुल 300 बोरी खाद भंडारित मिली। टीम द्वारा संबंधित व्यक्तियों से खाद के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में सभी ने उक्त खाद ग्राम खुखरी निवासी खाद विक्रेता संदीप जायसवाल की होना बताया। इसके बाद संदीप जायसवाल को मौके पर बुलाया गया। मौके पर पहुंचने के बाद उन्होंने खाद अपना होना स्वीकार किया, लेकिन वे भी खाद के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए। इसके बाद प्रशासन ने समस्त खाद की बिक्री पर प्रतिबंध लगाते हुए उसे जब्त कर लिया।

 


अन्य पोस्ट